कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक लगातार दो दिनों से देश की राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले विपक्षी सांसद आज फिर दिल्ली की सड़कों पर उतरेंगे। इन सांसदों ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत से मिलने के लिए समय मांगा था लेकिन उन्होंने इस मुलाकात से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद यह माना जा रहा है कि विपक्षी सांसद सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशनों पर आज भी एंट्री और एग्जिट को बंद रखा गया है। इस बीच दिल्ली में हुए झमाझम बारिश ने माहौल ठंडा कर दिया है।
यह पूरा मामला स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ( SIR ) से जुड़ा है। SIR में गड़बड़ी को लेकर आई रिपोर्ट्स के बाद विपक्ष हमलावर है और लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। अब सीधे-सीधे CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा जा रहा है। इसी को लेकर विपक्षी सांसदों ने पहले निर्वाचन सदन की ओर और फिर जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश में प्रदर्शन किया था। एक दिन विपक्षी सासंद राजघाट भी गए थे। अब उनके प्रदर्शन का यह चौथा दिन होगा। इस बीच CJP लगातार प्रदर्शन कर रही है। उसके नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: 'यूथ ना तो कॉकरोच है, ना बेटी-बहन मक्खी', वोट चोरी-SIR मुद्दे पर बोले पप्पू यादव
CJI ने मिलने से किया इनकार
CEC ज्ञानेश कुमार की शिकायत करने के लिए विपक्षी सांसदों का एक डेलिगेशन देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर चुका है। इसी तरह अब CJI सूर्यकांत से मुलाकात करके उन्हें भी ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। हालांकि, विपक्षी सांसदों की ओर से मुलाकात के लिए किए गए अनुरोध को CJI सूर्यकांत ने स्वीकार नहीं किया।
CJI सूर्यकांत ने अपने जवाब में लिखा है कि कार्यपालिका के प्रशासनिक कार्यक्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट दखल नहीं दे सकता है। उन्होंने सलाह दी है कि विपक्षी नेता एक याचिका दायर करें और उस पर सुनवाई की जा सकेगी। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शाम को 4 से 5 बजे के बीच का समय मांगा था ताकि वे CJI से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंप सकें।
यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: पुलिस की रणनीति पर भारी पड़ रही प्रदर्शनकारियों की चाल
कांग्रेस की ओर से इसे 'चलो दिल्ली!' का नाम दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड जंक्शन पर इकट्ठा हों।
कौन से मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद?
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बताया है कि 12 अक्तूबर को सुबह 6 बजे से शाम के 4 बजे तक कुल 6 स्टेशनों के गेट बंद रहेंगे। यानी इन स्टेशनों पर एंट्री या एग्जिट नहीं की जा सकेगी। इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। 4 बजे के बाद सुरक्षा एजेंसियां जैसी रिपोर्ट देंगी उसके हिसाब से आगे का फैसला लिया जाएगा।
ये 6 स्टेशन हैं:-
- पटेल चौक
- जनपथ
- राजीव चौक
- मंडी हाउस
- केंद्रीय सचिवालय
- बाराखंबा रोड
बता दें कि पिछले कई दिनों से दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए राजीव चौक समेत दिल्ली के कई इलाकों में भारी सुरक्षाबल तैनात है। प्रदर्शनकारियों को लगातार हिरासत में लिया जा रहा है। इस बीच कई जगहों पर मीडियाकर्मियों और आम लोगों को भी हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई हैं।
