लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास पर शुक्रवार को 'दीवाली मंगल मिलन' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी के साथ चाय पार्टी की और विभिन्न सियासी मुद्दों पर चर्चा की। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चाय पार्टी में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के सदस्यों, विभिन्न राज्यों के प्रभारी और पार्टी के अग्रिम संगठनों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया था।

 

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने 'वोट चोरी' के खिलाफ पार्टी के अभियान को आगे बढ़ाने और इसकी रणनीति पर चर्चा की। बता दें कि वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी बेहद मुखर हैं। रामलीला मैदान में 1 नवबंर को विशाल रैली आयोजित करने के बाद अलग-अलग जगहों पर भी यह मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर आगे भी सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में बिना लाइसेंस रिन्यू के प्रैक्टिस कर रहे 4000 डॉक्टर, एक्शन की तैयारी

 

शुक्रवार को आयोजित पार्टी में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, सचिन पायलट, हिमाचल प्रदेश सीएम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई सीनियर नेताओं ने हिस्सा लिया।

 

राहुल गांधी के 'दीवाली मिलन' कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने कहा कि यह इस त्योहार के मौसम में लोगों के और करीब आने व खुशियां बांटने का एक जरिया है। देश को भी एक नई शुरुआत की जरूरत है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में महिलाओं को सौगात, अगले महीने से मिलेंगे 1500 रुपये: CM का एलान

 

कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी और सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि राहुल गांधी ने हमें यहां आमंत्रित किया। उन्होंने हमें, पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ यहां इकट्ठा होने के लिए बुलाया है। दीवाली का त्योहार सभी के साथ खुशियां बांटने का अवसर होता है। आने वाले समय में हम सभी मिलकर कड़ी मेहनत करेंगे।

 

राहुल गांधी की दीवाली पार्टी में जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा भी पहुंचे। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि हमारा मकसद दिवाली की शुभकामनाएं देना है। राहुल गांधी नेताओं से मिलकर उन्हें ये शुभकामनाएं देंगे। हम सब साथ बैठकर बातचीत करेंगे।