अगर आप नेशनल हाईवे पर सफर कर रहे हैं और अचानक आपके फोन पर गाड़ी का बीमा रिन्यू कराने का मैसेज आए तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऩेशनल हाइवे ऑथोरिटी ऑफ इडिया (NHAI) ने 19 नवंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि इंश्योरेंस से जुड़े ये SMS एक प्रस्तावित पहल की टेस्टिंग के तहत भेजे जा रहे हैं। इनका मकसद सिर्फ गाड़ी मालिकों को समय रहते अलर्ट करना है, न कि उन पर कोई कार्रवाई करना।

 

अब तक हर गाड़ी मालिक को खुद ही अपनी पॉलिसी की तारीख याद रखनी पड़ती थी। इसमें चूक होने पर अनजाने में बिना बीमे के गाड़ी चलाने का रिस्क बना रहता था। इस नई पहल के जरिए कोशिश यह है कि हाईवे इस्तेमाल करने वाले लोगों को समय पर याद दिलाया जा सके। हालांकि, NHAI ने यह भी साफ कर दिया है कि यह सुविधा अभी पूरे देश में लागू नहीं हुई है और फिलहाल चुनिंदा हाईवे यूजर्स तक ही सीमित है।

 

यह भी पढ़ें: दाऊद से इकबाल तक की संपत्ति, अंडरवर्ल्ड के खिलाफ कार्रवाई में कहां फंसता है पेच?

इंश्योरेंस का पता कैसे चल रहा है?

इस पूरी व्यवस्था को समझने के लिए दो सरकारी और बीमा से जुड़े सिस्टम VAHAN और इंश्योरेंस इफोर्मेशन ब्यूरो (IIB) की भूमिका अहम है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के 17 दिसंबर 2018 के एक पुराने SOP के मुताबिक, देश की बीमा कंपनियां नए गाड़ियों के बीमे और पुरानी पॉलिसी के रिन्यूअल का रिकॉर्ड IIB को देती हैं। IIB यह जानकारी रोजाना मंत्रालय के VAHAN डेटाबेस पर अपलोड करता है। यही डेटा mParivahan और eChallan जैसे ऐप्स पर भी दिखता है।

 

 

17 नवंबर 2026 को सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया था कि दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर इस सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। वहां गुजरने वाली गाड़ियों की जानकारी VAHAN डेटाबेस से जांची जाती है। हालांकि, यहां एक जरूरी बात यह है कि NHAI ने 19 नवंबर के अपने आधिकारिक बयान में इस पूरी तकनीकी प्रक्रिया की पुष्टि नहीं की है। यानी डेटाबेस के इस्तेमाल की बात मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आई है, जिस पर प्राधिकरण की ओर से विस्तृत तकनीकी जानकारी आना अभी बाकी है।

इंश्योरेंस खत्म होने से पहले मैसेज आएगा या बाद में?

SMS भेजने की टाइमिंग को लेकर फिलहाल दो अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। इन पर स्थिति पूरी तरह साफ होना बाकी है। 19 नवंबर के आधिकारिक स्पष्टीकरण में कहा गया है कि इन मैसेज का उद्देश्य मालिकों को पॉलिसी की आने वाली आखिरी तारीख के बारे में पहले से जानकारी देना है। वहीं, 17 नवंबर की रिपोर्ट में कहा गया था कि मुंडका टोल प्लाजा के पायलट प्रोजेक्ट में जिन गाड़ियों का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस पहले ही खत्म हो चुका है। उन्हें टोल पार करने के कुछ मिनटों के भीतर अलर्ट भेजा जा सकता है। ऐसे में यह अब तक साफ होना अभी बाकी है कि सिस्टम सिर्फ एक्सपायरी से पहले रिमाइंडर भेजेगा या फिर बिना वैध बीमा वाली गाड़ियों को भी तुरंत अलर्ट करेगा।

बिना इंश्योरेंस गाड़ी चलाने पर अब कितना जुर्माना है?

भले ही NHAI का यह SMS कोई चालान नहीं है लेकिन सड़क पर बिना वैध बीमा गाड़ी चलाना कानूनन अपराध है। मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 146 के तहत सार्वजनिक सड़कों पर चलने वाले हर वाहन के लिए कम से कम थर्ड पार्टी इंश्योरेंस होना अनिवार्य है, ताकि किसी हादसे की स्थिति में पीड़ित पक्ष को कानूनी मुआवजे का कवरेज मिल सके। 15 अगस्त 2026 से लागू हुए जन विश्वास (संशोधन) अधिनियम, 2026 के बाद मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 196 के तहत जुर्माने की रकम बदल चुकी है। इसके तहत पहली बार पकड़े जाने पर मौजूदा जुर्माना गाड़ी के बेस प्रीमियम का 3 गुना या 5,000 रुपये जो भी ज्यादा हो। दूसरी बार उल्लंघन होने पर जुर्माना गाड़ी के बेस प्रीमियम का 5 गुना या 10,000 रुपये जो भी ज्यादा हो। प्रवर्तन एजेंसियां नियमों के तहत कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र हैं। इसलिए सिर्फ यह सोचकर निश्चिंत नहीं रहा जा सकता कि टोल पर चालान नहीं कट रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'नाम सिराज है...', पहले टेस्ट मैच से बाहर होने पर बोले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

 

मंत्रालय के 2018 के नियमों के अनुसार, VAHAN डेटाबेस में सिर्फ इंश्योरेंस ही नहीं, बल्कि गाड़ी के पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC), फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट की वैधता का रिकॉर्ड भी मौजूद रहता है। तकनीकी रूप से एक ही जगह सारी जानकारी उपलब्ध होने के कारण भविष्य में ऐसे अलर्ट का दायरा बढ़ सकता है, लेकिन फिलहाल PUC या फिटनेस के लिए SMS भेजने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

 

सरकारी डेटा के इस्तेमाल से समय पर रिमाइंडर मिलना आम लोगों के लिए बड़ी सहूलियत साबित हो सकता है, लेकिन इससे वाहन मालिक की कानूनी जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। अगर किसी वजह से SMS नहीं आता है या सिस्टम में पुराना डेटा दिखता है, तब भी गाड़ी का इंश्योरेंस समय पर रिन्यू कराना मालिक की ही जिम्मेदारी रहेगी। इसके अलावा, इस पहल को लेकर कई व्यावहारिक सवालों के जवाब अभी NHAI की तरफ से आने बाकी हैं।