भारतीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जून में घोषणा की थी कि 15 जुलाई को रेलवे की नई वेबसाइट लॉन्च होगी, जो अब तक नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज रेलवे की वेबसाइट शुरू नहीं होगी। रेल मंत्रालय ने वेबसाइट के बारे में अभी तक कोई जानकारी भी शेयर नहीं की है। मौजूदा वक्त में भी पुरानी वेबसाइट ही चल रही है और वेबसाइट पर अपडेट या मेंटनेंस के बारे में कोई भी जानकारी मौजूद नहीं है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) नई वेबसाइट टिकट बुकिंग की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए शुरू करने वाला था।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वेबसाइट बनाने में ज्यादा समय लग गया, इस वजह से आज वेबसाइट लॉन्च नहीं हो पाई। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने नई वेबसाइट कब लॉन्च होगी, इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है। जानकारी के मुताबिक रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव राजस्थान के जयपुर गए थे, जहां वह मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान गए थे। तभी छात्रों ने अश्विनी वैष्णव को बताया कि टिकट बुक करते समय रेलवे की वेबसाइट हैंग होती है। इस पर अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि 15 जुलाई को नई वेबसाइट लॉन्च होगी।

 

यह भी पढ़ें: CJI को गाली देने के मामले में 2 गिरफ्तार, कौन हैं प्रबल प्रताप और चंद्रभान?

 

कब लॉन्च होगी रेलवे वेबसाइट?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक IRCTC की नई वेबसाइट बनने में पूरा जुलाई महीना लग सकता है। इसके बाद अगस्त महीने के पहले या दूसरे हफ्ते में वेबसाइट लॉन्च हो सकती है। हालांकि, IRCTC ने आधिकारिक तौर पर वेबसाइट लॉन्च होने की तारीख नहीं बताई है।

 

कहा गया है कि IRCTC की नई वेबसाइट शुरू होने के बाद लोग आसानी से टिकट बुक कर पाएंगे। नई वेबसाइट के इंटरफेस में स्क्रीन पर ट्रेनों की जानकारी होगी। साथ ही हर ट्रेन में उपलब्ध सीटों की जानकारी और प्रत्येक सीट का किराया भी लिखा होगा।

 

यह भी पढ़ें: नेपॉल बॉर्डर पर भागते हुए पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक, जॉर्डन ब्राउन है कौन?

ऐप में भी होंगे बदलाव

IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च होने के साथ ही रेलवे का मोबाइल ऐप भी अपग्रेड होगा। इससे लोग मोबाइल ऐप में नए फीचर्स का इस्तेमाल कर पाएंगे। अपग्रेड के बाद लोगों को हर बार टिकट बुक करते समय प्रोफाइल बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। केवल एक बार प्रोफाइल बनानी होगी, जो सिस्टम में सेव हो जाएगी। इस फीचर के जरिए लोग कम समय में टिकट बुक कर पाएंगे।

 

इसके अलावा ऐप के जरिए जनरल टिकट बुक करने के लिए नए नियमों का पालन करना पड़ेगा। इसके तहत जो लोग जनरल टिकट बुक करेंगे, उनके टिकट पर यात्री का पहचान पत्र दर्ज होगा। साथ ही जिस मोबाइल नंबर से टिकट बुक की जाएगी, टिकट उसी नंबर से जुड़ी रहेगी।