राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैनडाइक के आरोपों को खारिज कर दिया। राकेश अग्रवाल ने कहा कि मैथ्यू वैनडाइक ने भारत में रहते हुए ये आरोप कभी नहीं लगाए। अदालत में पेश होने के दौरान भी उसने ऐसी किसी बात का जिक्र नहीं किया।
मैथ्यू वैनडाइक ने X पर पोस्ट कर दावा किया था कि मार्च में भारत में उसकी गिरफ्तारी रूस के यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के हिस्से के तौर पर हुई। उसने आरोप लगाया कि करीब 6 महीने तिहाड़ जेल में रहने के दौरान उसे पीटा गया और इलाज नहीं दिया गया। उसने कहा है कि वह जेल में हुए भेदभाव की जानकारी और देगा।
यह भी पढ़ें: 'सीने और हाथों पर डंडे से वार किया', मैथ्यू ने लगाए तिहाड़ में प्रताड़ना के आरोप
न्यायिक हिरासत को लेकर लगे आरोप
राकेश अग्रवाल ने कहा कि मैथ्यू वैनडाइक ने ये आरोप न्यायिक हिरासत के समय को लेकर लगाए हैं, NIA के खिलाफ नहीं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मैथ्यू वैनडाइक 6 से 7 बार अदालत में पेश हुआ, लेकिन तब उसने ऐसी कोई बात नहीं रखी। उनके के मुताबिक सितंबर में जमानत मिलने के बाद मैथ्यू वैनडाइक एक बार अमेरिका से लौटकर अदालती कार्यवाही में शामिल हुआ था।
मैथ्यू पर म्यांमार में ट्रेनिंग का आरोप
NIA ने 13 मार्च को मैथ्यू वैनडाइक और यूक्रेन के 6 नागरिकों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप है कि ये लोग मिजोरम के रास्ते बिना वैध यात्रा दस्तावेज के म्यांमार में दाखिल हुए। एजेंसी के मुताबिक उन्होंने वहां करीब तीन महीने तक चिन नेशनल फ्रंट और काचिन इंडिपेंडेंस आर्मी समेत जातीय सशस्त्र समूहों के सदस्यों को ड्रोन चलाने, उन्हें जोड़ने और जैमिंग तकनीक की ट्रेनिंग दी थी।
चार्जशीट में क्या है?
एजेंसी ने शुरुआत में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून (UAPA) की धाराएं लगाई थीं, लेकिन आरोप पत्र में उन्हें शामिल नहीं किया। सातों आरोपियों पर इमिग्रेशन और फॉरेनर्स कानून की धारा 21 और 23 के तहत आरोप लगे हैं।
UAPA केस की चल रही है जांच
UAPA की धाराओं पर पूछे गए सवाल पर राकेश अग्रवाल ने कहा कि आरोपी वैध वीजा पर भारत आए थे, लेकिन म्यांमार में अवैध रूप से दाखिल हुए। वहां उन्होंने कुछ उग्रवादियों को प्रशिक्षण दिया, जिनमें से कुछ के भारतीय उग्रवादी समूहों (IIG) से जुड़े होने का शक है।
उन्होंने बताया कि जांच का यह हिस्सा पूरा हो चुका है और आरोप पत्र दाखिल हो गया है। दूसरे हिस्से में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने किन लोगों को प्रशिक्षण दिया।
राकेश अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षित लोगों की पहचान किए बिना UAPA के तहत आरोप लगाना संभव नहीं है। उनके मुताबिक बड़ी मात्रा में डेटा का विश्लेषण चल रहा है।
यह भी पढ़ें: मैथ्यू वैनडाइक समेत 7 आरोपियों को राहत, 24 फरवरी तक भारत से बाहर रहने की छूट
24 फरवरी तक अमेरिका जाने की मिली है अनुमति
दिल्ली की एक अदालत ने पिछले महीने मैथ्यू वैनडाइक को अगले साल 24 फरवरी तक अपने देश लौटने की अनुमति दी थी। राकेश अग्रवाल से पूछा गया कि क्या तिहाड़ जेल पर आरोप लगाने के बाद मैथ्यू वैनडाइक भारत लौटेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि अगर वह नहीं लौटे तो 'कानून अपना काम करेगा।'उनका इशारा प्रत्यपर्ण संधि की ओर था।
