भारतीय रेलवे ने त्योहारों से पहले लोगों को राहत दी है। रेलवे ने त्योहारों के सीजन में लोगों को सुविधाजनक सफर करवाने के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। 3 सितंबर को एक प्रेस नोट जारी कर रेलवे की ओर से फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के रूट के बारे में जानकारी दी है। रेलवे की ओर से जारी नोटिस के अनुसार,फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ त्योहारों के दौरान 11 सितंबर से 7 दिसंबर तक चलेंगे। 

 

इन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का फायदा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत तमाम राज्यों को मिलने वाला है। इन ट्रेनों में वाराणसी-दिल्ली, अयोध्या कैंट-आनंद विहार, चंडीगढ़-पटना, फिरोजपुर कैंट-पटना, वाराणसी-चंडीगढ़, आनंद विहार-जोगबनी, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर और दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच विशेष ट्रेनें शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: 12 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले; चंडीगढ़ स्टेशन पर 35 दिन का ब्लॉक

वारणसी से दिल्ली

वाराणसी से 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक और दिल्ली से 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक गाड़ी संख्या 04209/04210 वाराणसी-दिल्ली-वाराणसी चलेगी। दोनों दिशाओं में 25-25 फेरे निर्धारित किए गए हैं। वाराणसी से यह ट्रेन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार तथा दिल्ली से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। वाराणसी से चलकर ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़, गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।

अयोध्या से आनंद विहार

अयोध्या कैंट-आनंद विहार के बीच ट्रेन अयोध्या कैंट से 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक तथा आनंद विहार टर्मिनल से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में 18-18 फेरे होंगे। अयोध्या कैंट से ट्रेन गुरुवार और रविवार तथा आनंद विहार से शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। इस ट्रेन का रूट अयोध्या कैंट से बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार टर्मिनल तक रहेगा।

पटना के लिए स्पेशल ट्रेनें

चंडीगढ़-पटना के बीच और फिरोजपुर-पटना के बीच स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। चंडीगढ़ से अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, उतरेटिया, सुल्तानपुर, वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। फिरोजपुर कैंट से मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ, आलमनगर, उतरेटिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, जंघई, वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा और दानापुर होते हुए पटना पहुंचेगी।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में 11 सितंबर को रहेगी छुट्टी, BRICS समिट के चलते बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर

अन्य ट्रेनें

इसके अलावा वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक वाराणसी से और 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चंडीगढ़ से चलेगी। वाराणसी से यह ट्रेन गुरुवार और रविवार तथा चंडीगढ़ से शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। वहीं, आनंद विहार-जोगबनी के बीच विशेष ट्रेन आनंद विहार से 10 अक्टूबर से 7 नवंबर और जोगबनी से 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे होंगे।

 

आनंद विहार-मुजफ्फरपुर के बीच ट्रेन आनंद विहार से 13 अक्टूबर से 24 नवंबर और मुजफ्फरपुर से 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में 13-13 फेरे होंगे। आनंद विहार से यह ट्रेन मंगलवार और शुक्रवार तथा मुजफ्फरपुर से बुधवार और शनिवार को चलेगी। इसका रूट अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर तक रहेगा। इसी तरह दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच विशेष ट्रेन दिल्ली से 15 अक्टूबर से 19 नवंबर और सीतामढ़ी से 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे होंगे। यह ट्रेनें उत्तर रेलवे की ओर से चलाई जा रही हैं और इसी तरह मध्य रेलवे और अन्य जॉन भी ट्रेन चला रहे हैं।