कांग्रेस के फ्रंटल संगठन इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली में अनोखे अंदाज में दशहरा मनाया। साथ ही एक नाटकीय रामलीला (वोट चोरी की रासलीला) का भी मंचन किया। रायसीना रोड स्थित सेंट्रल ऑफिस में यूथ कांग्रेस ने रावण के पुतले के साथ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी पुतला जलाया। यहां अनोखा सांकेतिक प्रदर्शन देशभर में चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच हुआ है।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर और वोट चोरी के खिलाफ नाटकीय प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान संगठन ने कहा कि ज्ञानेश ने वोट चोरी करके बीजेपी को फायदा पहुंचाया है।
यह भी पढ़ें: उग्रवादियों ने हत्या की, CM आवास तक हंगामा, फिर सुलग उठा मणिपुर
क्या बोले उदय चिब?
खबरगांव से बात करते हुए उदय चिब ने कहा, ‘रावण (ज्ञानेश कुमार) चाहे जितना भी बलवान क्यों ना हों, जीतेगा तो जनता का संविधान ही। आज के दौर में देश का सबसे बड़ा राक्षस ज्ञानेश कुमार हैं क्योंकि वह वोट चोरी करवाके हमारे देश के लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। यह वोट चोरी बीजेपी को सत्ता में बने रहने के लिए करवाई जा रही है। इसीलिए हम सांकेतिक रूप से अपना विरोध जताते हुए उनका पुतला दहन कर रहे हैं।’
ज्ञानेश कुमार पर क्या बोले?
उन्होंने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार जब तक अपना इस्तीफ़ा नहीं देते तब तक हम इस तरह के प्रदर्शन करते रहेंगे। वो समय भी आएगा जब ज्ञानेश को तिहाड़ जेल जाना पड़ेगा, इसके बाद बीजेपी के नेताओं का भी जेल जाने का समय आयेगा। हम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बोलते हैं तो बुरा बीजेपी को लगता है क्योंकि वह वोट चोरी करवा के उसे जीतवा रहे हैं।’
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले लोग कौन हैं, कैसे पकड़े गए? मुंबई पुलिस ने बताया
रिजीम चेंज पर दिया जवाब
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे बीजेपी के रिजीम चेंज के काउंटर का जवाब देते हुए कहा, ‘महात्मा गांधी, भगत सिंह जैसे देशभक्तों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़कर और देश को आजादी इसीलिए नहीं दिलाई थी कि आज ज्ञानेश कुमार और बीजेपी संविधान को कुचलकर वोट चोरी करें। दोनों मिलकर देशद्रोह कर रहे हैं, ये वोट चोरी कर रहे हैं तो हम जवाब तो देंगे ही। ये आज चाहे रिजीम चेंज कहें या सरकार बदलने की बात कहें, वोट चोरी करेंगे तो हम इसका सड़कों पर उतारकर विरोध करेंगे।’
उदय भानु चिब ने आगे अंग्रेजों और बीजेपी में समानता बताते हुए कहा कि दोनों ने देश को लूटा है और दोनों ही देश को बांटने की राजनीति करते हैं। अंग्रेज लूटते थे और बीजेपी वोट चोरी कर रही है।
