रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार की शाम अपने दो दिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचकर पुतिन का स्वागत किया। पीएम मोदी ने स्वागत करते हुए पुतिन को गले लगाया। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति ने भारत के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट से रवाना होते समय एक ही कार में यात्रा की।

 

राष्ट्रपति पुतिन भारत के दो दिन के राजकीय दौरे पर हैं। वे 5 दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 23वीं भारत-रूस सालाना समिट करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य लगभग आठ दशक पुरानी भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करना है, एक ऐसी साझेदारी जो जटिल भू-राजनीतिक माहौल के बावजूद स्थिर बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी कर रहे शिकायत, कंगना रनौत ने BJP ज्वाइन करने का ऑफर क्यों दे दिया?

पुतिन के सम्मान में डिनर का आयोजन

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को होने वाली 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता को लेकर बेहतर माहौल बनाने के उद्देश्य से आज शाम पुतिन के लिए एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता का मुख्य विषय रक्षा संबंधों को मजबूत करना, भारत-रूस व्यापार को बाहरी दबाव से सुरक्षित रखना और छोटे मॉड्यूलर संयंत्रों में सहयोग की संभावनाओं की तलाश जैसे मुद्दों पर केंद्रित होगाइस बैठक पर पश्चिमी देशों द्वारा करीबी नजर रखे जाने की संभावना है

 

 

 

भारत-अमेरिका संबंधों में खटास के बीच दौरा

राष्ट्रपति पुतिन का दिल्ली का लगभग 27 घंटे का दौरा इसलिए और भी अहम हो गया है क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में तेजी से आ रही गिरावट के बीच हो रहा है। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापार के क्षेत्रों सहित कई समझौते होने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच बैठक से पहले शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: 16 साल पहले हुआ था एसिड अटैक, अब तक नहीं मिला न्याय, सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

 

बैठक हैदराबाद हाउस में होगी, जहां पीएम मोदी राष्ट्रपति पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए भोज का आयोजन करेंगे और इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा भी होगी। मामले से परिचित लोगों के अनुसार, पुतिन सुबह राजघाट भी जाएंगे। बैठक के बाद पुतिन रूसी सरकारी प्रसारक का नया ‘इंडिया चैनल’ भी शुरू करेंगे, जिसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके सम्मान में दिए जाने वाले राजकीय भोज में शामिल होंगे। रूसी नेता के शुक्रवार रात करीब नौ बजे भारत से रवाना होने की संभावना है।