अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) देश का टॉप मेडिकल कॉलेज और अस्पताल है। फिलहाल एम्स में डायरेक्टर की पोस्ट खाली है। संस्थान में नए डायरेक्टर खोजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी वर्तमान में एंडोक्रिनोलॉजी एवं मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख और डीन (ऐकेडमिक) डॉक्टर निखिल टंडन एम्स के कार्यकारी निदेशक/अतिरिक्त प्रभार संभाले हुए हैं।
डॉ. निखिल टंडन को यह जिम्मेदारी पूर्व निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास के नीति आयोग के सदस्य के रूप में नियुक्त होने के बाद अप्रैल 2026 में सौंपी गई थी। ऐसे में देश के सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज का पूर्ण निदेशक खोजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं।
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने की मांग, सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम आदेश से इनकार
महिला निदेशक बनाने पर विचार
एम्स दिल्ली के लिए निदेशक के रूप में फिलहाल तीन नामों की चर्चा सबसे तेज चल रही है। कहा यह जा रहा है कि इन्हीं तीन नामों में से किसी एक को अस्पताल का निदेशक बनाया जा सकता है। जिन नामों की चर्चा है उनमें डॉक्टर मंजरी त्रिपाठी का नाम सबसे ऊपर है। मंजरी वर्तमान में न्यूरोलॉजी में हेड ऑफ द डिपार्टमेंट (HOD) हैं। डॉक्टर मंजरी के नाम की सबसे ज्यादा चर्चा इसीलिए भी है क्योंकि ऐसा कहा जा रहा है कि इस बार किसी महिला को एम्स का निदेशक बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'अपराधियों के मन में मरने का डर जरूरी', महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सुप्रीम कोर्ट
अन्य दो नामों की चर्चा
दूसरा नाम डॉक्टर उमा कुमार का है जो रूमेटोलॉजिस्ट विभाग के HOD हैं। वहीं तीसरे नंबर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के हेड डॉक्टर संजय राय की चर्चा है। माना जा रहा है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय इन तीनों नामों पर विचार कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक अगर इन तीनों डॉक्टरों में से अगर किसी को एम्स का निदेशक नहीं बनाया जाता है तो फिर देश के किसी अन्य बड़े सरकारी मेडिकल संस्थान/अस्पताल के डॉक्टर को एम्स का निदेशक नियुक्त किया जा सकता है।
