NEET पेपर लीक केस में अब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामने आ गए हैं। लगातार तेज होते आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखे एक पोस्ट में कहा है कि पेपर लीक के सभी केस में दोषियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के इसी पोस्ट को शेयर करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी ने दोहराया है कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा।

 

पीएम मोदी के इस पोस्ट के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पोस्ट किया है। उन्होंने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए आरोप लगाए हैं कि मोदी सरकार ने ही एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद किया है।

 

यह भी पढ़ें: 'प्रोटेस्ट खराब करने के लिए BJP बाहर से गुंडे भेज रही है', पथराव पर बोले दीपके

क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?

अपने X पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है,'देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।'

उन्होंने आगे लिखा है, 'विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की शृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।'

 

यह भी पढ़ें: DCP ने महिला प्रदर्शनकारियों को मारा था थप्पड़, अब जंतर-मंतर से हटाए गए

विपक्ष ने साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस पर जवाब दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के पोस्ट पर लिखा है, 'आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी एजुकेशन सिस्टम पर पूरा कब्ज़ा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया और इसके ज़िम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया। छात्रों की मांगें साफ़ हैं:
1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।
2. छात्रों से माफ़ी मांगे।
3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करें।'

 

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा है, 'क्या यह पहला लीक था जो अभी हुआ है? इनके कार्यकाल में कितने लीक हुए, उसका तो श्वेत पत्र होना चाहिए। कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई, कितने दंडित हुए, कितनी सजाएं हुईं, हुआ कुछ?' जेपी नड्डा के विपक्षी पार्टियों की सरकारों में हुए पेपर लीक गिनवाने पर रामगोपाल यादव ने कहा, 'अरे, मान लीजिए कि अगर हमने कहीं कत्ल कर दिया तो क्या ये भी कत्ल करने के अधिकारी हो गए? आप सत्ता में बैठे हैं, जनता आपसे जवाब मांग रही है।'