राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान बार-बार पुलिस और सुरक्षाबलों से झड़प हो रही है। बुधवार शाम को भी पुलिस के कुछ जवानों और रैपिड ऐक्शन फोर्स के जवानों से साथ मारपीट के वीडियो सामने आए। अब इस तरह की घटनाओं पर
कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) से भी सवाल पूछे जा रहे हैं। गुरुवार को ऐसे ही एक सवाल के जवाब में CJP के संस्थापक
अभिजीत दीपके
ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब बाहर से गुंडे भेज रही है ताकि इस प्रोटेस्ट को खराब किया जा सके। अभिजीत दीपके ने एक बार फिर से
सोनम वांगचुक
से अपील की है कि वह अपना अनशन खत्म कर दें।
पुलिस के लाठीचार्ज की निंदा करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि वह बहुत क्रूर था और CJP उन पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए कोर्ट जाएगी। इस प्रदर्शन को शुरू हुए अब 34वां दिन चल रहा है और 26 दिन से सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर हैं। फिलहाल, उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उनकी सेहत पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: DCP ने महिला प्रदर्शनकारियों को मारा था थप्पड़, अब जंतर-मंतर से हटाए गए
पथराव और झड़प पर क्या बोले अभिजीत दीपके?
बार-बार पथराव और झड़प की घटनाओं के बारे में अभिजीत दीपके ने कहा, 'ये बाहर से लोग भेजे जा रहे हैं। जानबूझकर प्रोटेस्ट खराब करने के लिए बीजेपी ऐसे लोग भेज रही है। हम एक महीने से यहां बैठे हुए हैं, एक महीने में कोई वारदात नहीं हुई। अब यह प्रोटेस्ट बड़ा हो गया तो बीजेपी बाहर से गुंडे भेज रही है ताकि जानबूझकर लोगों को उकसाएं। यही लोग पथराव कर रहे हैं। पुलिस यहां पर पत्थर वाले ट्रक लाकर रख रही है और बीजेपी के लोग आकर पथराव कर रहे हैं। फिर बदनाम CJP के लोगों को करते हैं।'
सोनम वांगचुक के बारे में अभिजीत दीपके ने कहा, 'जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। फिर भी हम सोनम सर से अपील कर रहे हैं कि वह अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दें क्योंकि हम उन्हें खोना नहीं चाहते हैं।' सरकार की ओर से बातचीत के प्रस्ताव पर अभिजीत दीपके ने कहा है, 'जंतर-मंतर के दरवाजे भी खुले हुए हैं।'
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच 16 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद, देखिए पूरी लिस्ट
सरकार की ओर से संदेश दिया जा रहा है कि वह CJP के लोगों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत करना चाहती है। हालांकि, CJP का कहना है कि अब उसके लोग किसी नेता या मंत्री के घर नहीं जाएंगे। उनका कहना है कि या तो सरकार के प्रतिनिधि जंतर-मंतर आएं या फिर किसी न्यूट्रल जगह पर मुलाकात हो।