उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में रहने वालों के लिए आने वाले कुछ दिन काफी गर्म होने वाले हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जाएगी। इसका मतलब यह है कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे इलाकों में पारा सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रह सकता है, जिससे मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी का अहसास होगा।
गर्मी के इस बढ़ते असर के बीच राहत की खबर पहाड़ों से है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 4 मार्च की रात से सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से जम्मू-कश्मीर में 4 से 7 मार्च के दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों जैसे उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में 3 मार्च तक तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच CBSE ने टाल दी बोर्ड परीक्षा, 7 देशों पर पड़ेगा असर
मैदानी और मध्य भारत का हाल
अगले 5 दिनों में मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़) में भी तापमान में उछाल देखने को मिलेगा जहां पारा 2-4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान में लगभग 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद वहां मौसम स्थिर रहने की उम्मीद है।
गुजरात की बात करें तो वहां अगले 4 दिनों में गर्मी 3 से 5 डिग्री तक बढ़ेगी, जबकि महाराष्ट्र में दो दिनों बाद पारे में 3-4 डिग्री का उछाल आने वाला है।
उमस और कोहरे की चेतावनी
तटीय इलाकों खासकर कोंकण, गोवा और गुजरात के इलाकों में 4 से 7 मार्च के बीच सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि उमस भी लोगों को परेशान करेगी। जहां एक तरफ गर्मी बढ़ रही है, वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और मेघालय के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: जब अली खामेनेई ने की थी नेहरू की तारीफ, 13 साल पुराना बयान अब चर्चा में
पूर्वी और दक्षिण भारत
बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में अगले 4-5 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे गर्मी बढ़नी शुरू होगी।
इसके साथ ही दक्षिण के राज्यों में अगले 3 दिनों तक मौसम स्थिर रहेगा लेकिन हफ्ते के अंत तक यहां भी 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
