असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग के दिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा दावा किया है। नितिन नवीन ने कहा है कि इस बार तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे सबको हैरान करेंगे। केरल में लेफ्ट और कांग्रेस के मिले होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा है कि यह एक तरह की मैच फिक्सिंग है। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी के लिए नितिन नवीन ने कहा है कि उन्होंने बांग्लादेशियों का ही ख्याल रखा और अब बीजेपी की सरकार बनेगी जो बंगाल की जनता की चिंता करेगी। मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान पर नितिन नवीन ने कहा है कि असल में तो शब्द राहुल गांधी के हैं क्योंकि राहुल और सोनिया गांधी ही रिमोट कंट्रोल से लोगों को चलाते हैं।
नितिन नवीन ने ये सारी बातें न्यूज एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में कही हैं। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर लगे आरोपों के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राजनीति में भाषा की गरिमा का ध्यान दिया जाना चाहिए। नितिन नवीन ने यह भी कहा है कि जब राष्ट्र हित की बात हो तो मुद्दा उठाना चाहिए लेकिन जिस तरह से पासपोर्ट का यह खेल खेला गया है, वह आने वाले समय में साफ हो जाएगा। असम के चुनाव के बारे में उन्होंने कहा है कि वहां इस बार का प्रदर्शन पिछली बार से बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें: Live: असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग शुरू, दिग्गजों ने डाले वोट
केरल और बंगाल पर क्या बोले नितिन नवीन?
बंगाल के चुनाव पर नितिन नवीन ने कहा है, 'अगर बंगाल की बात करें तो 2016 में हम कहां थे और 2021 में कहां थे। जिस प्रकार से वहां की अलग और विपरीत परिस्थितिया हैं। राजनीतिक प्रतिस्पर्धा अलग है लेकिन बंगाल में राजनीतिक रंजिश नजर आती है। उसके बावजूद हमारी ग्रोथ हो रही है और हम 38 प्रतिशत वोट तक पहुंचे हैं तो बीजेपी और टीएमसी की इस जंग में हम ही पहले प्रतिद्वंद्वी हैं। बंगाल में बीजेपी ने अपने चेहरे लगातार मजबूत किए हैं और इस बार तो हम वहां निश्चित रूप से सरकार बनाने जा रहे हैं।'
केरल के चुनाव के बारे में नितिन नवीन का कहना है, 'कुछ दिन पहले तक केरलम में हमारा 2 प्रतिशत वोट था और हम 20 प्रतिशत तक पहुंचे हैं। हमने स्थानीय चुनाव में प्रदर्शन किया और तिरुवनंतपुरम में हमारा मेयर बनाया। इस बार के चुनाव में केरलम की जनता यूडीएफ और एलडीएफ की मैच फिक्सिंग से बाहर आना चाहती है। हम तो मानते हैं कि हम अपना वोटबैंक बढ़ा रहे हैं। पहले जनता के सामने विकल्प नहीं था और इस बार बीजेपी मजबूत विकल्प नजर आ रही है।'
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु से बंगाल तक, विपक्षियों पर मिलीभगत का आरोप क्यों लगा रहे राजनीतिक दल?
केरल में एलडीएफ और बीजेपी की सेटिंग का आरोप लगा रहे राहुल गांधी पर नितिन नवीन ने कहा है, 'राहुल गांधी का जो ज्ञान है, वह इतना कमजोर है। इसी एलडीएफ और यूडीएफ का गठबंधन था। बंगाल में पिछला चुनाव ये लोग साथ लड़े। 10 साल तक दिल्ली में सरकार चलाई। बगल में तमिलनाडु में गठबंधन में रहते हैं। ये बातें किसको बता रहे हैं? केरल की जनता ये सब जानती है। बीजेपी तो खुलकर लेफ्ट के खिलाफ है। हमने त्रिपुरा में उन्हें समाप्त किया, बंगाल में समाप्त किया। कांग्रेस मुक्त भारत तो हमारा सपना है। ये लोग लेफ्ट को बीजेपी से क्लोज दिखाकर अपनी राजनीति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।'
ममता और राहुल पर क्या बोले?
ममता बनर्जी को आड़े हाथ लेते हुए नितिन नवीन ने कहा है, 'हम पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। ममता दीदी, बंगाल की जनता की चिंता अब हम करने वाले हैं। आपने तो सिर्फ बांग्लादेशियों की चिंता की।' तमिलनाडु के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, 'तमिलनाडु में बदलाव होने जा रहा है। अन्नामलाई को कहीं कोई नाराजगी नहीं है। वह चुनाव प्रचार में मौजूद थे।'
यह भी पढ़ें: कहीं 135 तो कहीं 211, पुडुचेरी में एक-एक बूथ से पलट जाते हैं चुनाव के नतीजे
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के हवाले गांधी परिवार को घेरते हुए नितिन नवीन ने कहा है, 'हम सोच सकते हैं कि दो दिन पहले का उनका बयान और कल का उनका बयान पूरी तरह से सांप्रदायिक है और लोगों को उकसाने का काम करता है। यह कितनी ओछी सोच है कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में ऐसे बयान दे रहे हैं। मेरा यह मानना है कि जब-जब कांग्रेस ने ऐसे बयान दिए हैं, तब-तब जनता ने हमें जीत की माला पहनाई है। राहुल और सोनिया गांधी और उनका परिवार जो है, वह किसी भी व्यक्ति को रिमोट से चलाता है। खड़गे जी बेचारे सज्जन व्यक्ति हैं और ऐसे बयान नहीं देते हैं। यह तो गांधी परिवार के शब्द थे लेकिन खड़गे जी के मुंह में डालकर बयान दिलवाया गया।'
तमिलनाडु में थलपति विजय की पार्टी के साथ गठबंधन करने के सवाल पर नितिन नवीन ने कहा है, 'पहली बार वह प्रयास कर रहे हैं मैं उनको शुभकामना दूंगा लेकिन राजनीति फुल टाइम करनी पड़ती है। आज ही आए, आज ही सबकुछ मिल जाएगा और कल फिर कहां जाएंगे, वह तो समय बताएगा। अभी उनके बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। हम उनके साथ क्यों गठबंधन करेंगे, हमारा तो AIADMK के साथ गठबंधन है।'
