बिहार की नई सरकार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। राज्य में नीतीश कुमार की विदाई के साथ ही सम्राट युग की शुरुआत हो गई है। बीजेपी नेता सम्राट चौधरी अब बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने ही सम्राट चौधरी का नाम आगे किया और कहा कि अब ये संभालेंगे, वह सरकार को समर्थन देंगे।

सम्राट चौधरी को मंगलवार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सम्राट चौधरी बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ दो उप-मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे, दोनों जेडीयू से होंगे। इनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी शामिल हैं। 

यह भी पढ़ें: सम्राट चौधरी बने बिहार के नए सीएम, बिहार ने 74 साल बाद दोहराया इतिहास

कब है सम्राट चौधरी का शपथ ग्रहण?

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार की सत्ता में बड़ा बदलाव आया है। यह पहली बार है जब बीजेपी का कोई नेता बिहार का मुख्यमंत्री बन रहा है। सम्राट चौधरी, सुबह 11 बजे पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं। 

सम्राट चौधरी, नेता, बीजेपी

पीएम नरेंद्र मोदी और हमारे गुरु नीतीश कुमार हमें बिहार के विकास के लिए आगे बढ़ाएंगे। हमारा लक्ष्य विकसित बिहार बनाना है। यह मेरे लिए सिर्फ पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा करने का मौका है। मैं पूरे समर्पण से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा।

यह भी पढ़ें: कैश से लेकर करोड़ों की जमीन और फ्लैट तक, कितने अमीर हैं सम्राट चौधरी?

नीतीश विदा, निशांत का क्या होगा?

नीतीश कुमार ने मंगलवार को आधिकारिक आवास से लोक भवन तक पैदल जाकर इस्तीफा सौंपा। उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार चौधरी भी थे। जेडीयू के कुछ नेताओं ने उम्मीद जताई थी कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उप-मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 

निशांत क्यों नहीं बने डिप्टी सीएम?

निशांत कुमार खुद उप-मुख्यमंत्री पद लेने के इच्छुक नहीं थे। वे पार्टी संगठन को मजबूत करने पर फोकस करना चाहते हैं। नए मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में होगा। फिलहाल बुधवार को सिर्फ मुख्यमंत्री और दो उप-मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। यह बदलाव बिहार की राजनीति में एक नई शुरुआत माना जा रहा है। निशांत कुमार, अभी बिहार भ्रमण करेंगे और बाद में सरकार मे शामिल हो सकते हैं।