बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है। सत्ता के टॉप पर पहुंचने की इस रेस के बीच उनकी वित्तीय ताकत और संपत्ति का ब्योरा भी चर्चा का केंद्र बन गया है। सम्राट चौधरी और उनका परिवार न केवल राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है बल्कि आर्थिक रूप से भी उनके पास करोड़ों की चल और अचल संपत्ति का विशाल साम्राज्य है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान दायर किए गए हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल घोषित संपत्ति लगभग 11.34 करोड़ रुपये रुपये थी।
हलफनामे के अनुसार, सम्राट चौधरी के संपत्ति में सबसे अधिक वजन अचल संपत्तियों का है, जिसमें विरासत में मिली पुश्तैनी जमीनें और शहरों में स्थित महंगे फ्लैट शामिल हैं। सम्राट चौधरी अकेले करीब 99.32 लाख रुपये की व्यक्तिगत संपत्ति के मालिक हैं, जबकि उनकी पत्नी कुमारी ममता के नाम पर भी करोड़ों की संपत्ति है। सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि करोड़ों की संपत्ति के मालिक होने के बावजूद उन पर किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान की कोई देनदारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा ने पहले ही दे दी बधाई, सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए CM?
पुश्तैनी जमीन का विशाल संपत्ति
सम्राट चौधरी की सबसे बड़ी ताकत उनकी जमीनें हैं। उनके पास मुंगेर के तारापुर में करीब 682.67 डेसिमल पैतृक कृषि भूमि है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत 3.29 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, तारापुर और पटना (खजपुरा) में उनके पास 105.154 डेसिमल गैर-कृषि भूमि भी विरासत में मिली है, जिसका मूल्य करीब 4.91 करोड़ रुपये है। उनकी पत्नी के नाम पर वैशाली में 50 लाख रुपये की कृषि भूमि और पटना के गोला रोड स्थित 'रेखा एन्क्लेव' में 58 लाख रुपये का एक कमर्शियल अपार्टमेंट है। कुल मिलाकर, परिवार के पास 9.36 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति मौजूद है।
सम्राट चौधरी की चल संपत्तियों का विवरण
चल संपत्ति के मामले में सम्राट चौधरी के पास 99.32 लाख रुपये हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 27.89 लाख रुपये की चल संपत्ति है। सम्राट के पास 1.35 लाख रुपये नकद थे और विभिन्न बैंक खातों में करीब 13.28 लाख रुपये जमा हैं। निवेश के मोर्चे पर उन्होंने म्यूचुअल फंड्स में 31.83 लाख रुपये और LIC व PPF जैसे इंस्ट्रूमेंट्स में 19.85 लाख रुपये लगाए हैं।
सुरक्षा और शौक की बात करें तो उनके पास 4 लाख रुपये की एक एनपी बोर राइफल और पिता द्वारा उपहार में दी गई 2 लाख रुपये की एक रिवॉल्वर भी है। इसके अलावा, वह 7 लाख रुपये मूल्य की 'बोलेरो नियो' (2023 मॉडल) की सवारी करते हैं। सम्राट चौधरी की पारिवारिक संपत्ति 4.27 रुपये लाख है। वहीं, उनकी बेटी चारू के पास 41.04 लाख रुपये की संपत्ति है और उनके बेटे प्रणय चौधरी के पास 26.08 लाख रुपये की संपत्ति है।
यह भी पढ़ें: 'नई सरकार यहां का काम देखेगी', CM पद से इस्तीफा देकर क्या बोले नीतीश कुमार?
सालाना आय और आर्थिक स्थिति का डेटा
फाइनेंशियल डेटा देखें तो, सम्राट चौधरी की सालाना इनकम लगभग 17.91 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी लगभग 12.73 लाख रुपये कमाती हैं। उनकी इनकम का मुख्य सोर्स सैलरी और किराया है, जबकि उनकी पत्नी लीगल प्रैक्टिस और किराए से इनकम कमाती हैं। पूरे डेटा को विश्लेषण करने पर उनकी चल और अचल संपत्ति, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी की संपत्ति को मिलाकर, कुल 11.34 रुपये करोड़ (11,34,82,854 रुपये) है।