तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के ऊपर मंगलवार को जोरदार हमला किया। दरअसल, नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को कांग्रेस को लेकर कहा कि वह देश को बांटने की कोशिश कर रही ताकतों का समर्थन करती है उन्होंने आगे कहा कि यही वजह है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के साथ-साथ राजनीति के अपराधीकरण का भी पर्याय बनती जा रही है।
नितिन नवीन के बयान के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एक सभा में बीजेपी अध्यक्ष का पहचानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'हाल ही में, एक आदमी यहां आया था, नवीन या जो भी हो, मुझे उसका नाम ठीक से नहीं पता। लेकिन वह यहां आता है और कहता है, 'अगली सरकार उनकी है।' आपने पश्चिम बंगाल के बारे में भी यही कहा था। आपको पश्चिम बंगाल में 15 साल लग गए। वहां क्योंकि ममता बनर्जी थीं, आपकी चालें काम कर सकती थीं। लेकिन यहां, हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।'
'झूठ की बुनियाद पर नहीं चलाऊंगा सरकार'
सीएम रेवंत रेड्डी ने आगे कहा, 'मुझे बड़े-बड़े ताज पहनने की कोई इच्छा नहीं है, न ही हीरे और दौलत जमा करने का मेरा कोई इरादा है। सत्ता अस्थायी होती है, कुछ समय के लिए रहती है और फिर चली जाती है। सत्ता इंदिराम्मा, NTR के लिए भी स्थायी नहीं थी, न ही राजशेखर रेड्डी के लिए स्थायी थी। सत्ता मेरे लिए भी स्थायी नहीं है। सिर्फ एक की बात स्थायी होती है। मेरी सारी कोशिश सिर्फ यह प्रतिष्ठा कमाने की है कि 'अगर वह अपनी बात कह देता है, तो वह किसी भी हद तक उस पर कायम रहेगा।' मैं यह सरकार झूठ की बुनियाद पर नहीं चलाऊंगा।'
यह भी पढ़ें: सपा में घमासानः MP रुचि से विवाद के बाद मुख्य सचेतक पद से कमाल अख्तर का इस्तीफा
राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर खर्च मांगा
नितिन नवीन ने मंगलवार को बीजेपी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर खर्च हुए सरकारी पैसे के लिए राज्य की कांग्रेस सरकार को जवाबदेह ठहराएंगे।
उन्होंने कहा, 'कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय हैं। मुझे लगता है कि राजनीति का अपराधीकरण भी कांग्रेस का पर्याय बनता जा रहा है। जिस तरह से नापाक मंसूबों के साथ देश को बांटना चाह रही ताकतों को कांग्रेस का समर्थन मिलता है, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार और राजनीति के अपराधीकरण के लिए जानी जाएगी।'
यह भी पढ़ें: एक-एक करके AIADMK के 6 विकेट गिरा दिए, क्या हासिल करना चाहते हैं जोसेफ विजय?
'त्रिलिंग' में कमल खिलाने की बात
बीजेपी अध्यक्ष ने बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कांग्रेस मुक्त तेलंगाना बनाने की अपील करते हुए कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि जिस तरह 'बंग' (पश्चिम बंगाल) और 'कलिंग' (ओडिशा) में कमल खिला, उसी तरह हम 'त्रिलिंग' (तेलंगाना और आंध्र प्रदेश) की धरती पर भी कमल खिलते देखेंगे।'


