समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पिछले दिनों RLD चीफ जयंत चौधरी के ऊपर दिए बयान 'चवन्नी का रुपया' को लेकर बीजेपी नेता संगीत सोम बचाव में आ गए हैं। संगीत सोम ने शुक्रवार को मेरठ में एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का बचाव और सपा प्रमुख पर हमला किया है।
मेरठ की सरधना से पूर्व बीजेपी विधायक संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी के ऊपर बयान देकर पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि इस अपमान का बदला जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में लेगी।
यह भी पढ़ें: स्टेज पर महिलाएं और टारगेटेड वादे, UP में 'महिला शक्ति' पर सपा का फोकस क्यों?
अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
दरअसल, पिछले दिनों पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्रीय मंत्री जयंत को लेकर तंज कसते हुए कहा था, 'ना जाने कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले। हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया.. तब भी हमें छोड़कर चले गए।'
चौधरी चरण सिंह का अपमान किया
बीजेपी नेता सोम ने कार्यक्रम में कहा, 'अखिलेश यादव जी... आपको और आपके पिता जी को अगर कोई नेता बनाने वाला नेता था तो वह किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह थे। जिस नेता का पूरा किसान वर्ग और 36 बिरादरी के लोग अपना मसीहा मानते हैं... आज आपने उनका अपमान किया है।'
यह भी पढ़ें: 5 दिन की बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर चंडीगढ़ में बैंककर्मियों का प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने बौखलाहट में जयंत चौधरी को चवन्नी कहा है। संगीत सोम ने कहा, 'अखिलेश यादव जी... जिनको आपने चवन्नी कहा ना 2027 में आपको एक आने का नहीं छोड़ेंगे में दावे के साथ कहता हूं।'
मेरठ में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंच से बोलते हुए बीजेपी के फायरब्रांड नेता संगीत सोम ने ये बयान अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कही।
