रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस व उनके सहयोगी दल युवाओं को भटकाने का काम रहे हैं। उनका एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म कर देश में आतंकी पैदा करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है, लेकिन कांग्रेस देश को हिंसा और अराजकता की आग में झोंककर यहां पर बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है।

 

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी)  के लखनऊ ऑफिस में आयोजित सम्मेलन में शुक्रवार को राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की राजनीति को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को एक-दूसरे पर ही भरोसा नहीं है, तभी वे आपस में मारपीट करते नजर आते हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'जहां आपकी सरकार वहीं सबसे ज्यादा नशे', अमित शाह के पोस्ट पर केजरीवाल का जवाब

 

अराजकता फैलाने का लगाया आरोप

राजनाथ सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की लड़ाई स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) और ज्ञानेश कुमार को लेकर नहीं, बल्कि देश में अराजकता पैदा कर किसी भी हाल में सत्ता हासिल करने की साजिश का हिस्सा है।

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि चौरी-चौरा में हिंसा के बाद महात्मा गांधी ने अपना आंदोलन रोक दिया था, लेकिन खुद को महात्मा गांधी की उत्तराधिकारी बताने वाली कांग्रेस हिंसा और अराजकता से सत्ता परिवर्तन चाहती है। उन्होंने कहा कि अब महात्मा गांधी का नाम प्रयोग करने का सारा नैतिक अधिकार कांग्रेस ने पूरी तरह से खो दिया है।

राहुल को दिया सुझाव

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुझाव दिया कहा, 'उन्हें जनमत का सम्मान करते हुए अपनी राजनीतिक भूमिका पर आत्ममंथन करना चाहिए।' राजनाथ सिंह ने बीते दिनों दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमें टकराव नहीं, संवाद और राष्ट्र निर्माण का मार्ग चुनना है।

 

यह भी पढ़ें: Live: CJP की 'लहरा दो तिरंगा' मार्च की तैयारी, अभिजीत दीपके को पुलिस का नोटिस 

वोट चोरी के नहीं सबूत?

देशभर में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वोट चोरी के इन्हीं आरोपों पर राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास इन दावों के सबूत नहीं हैं। राहुल गांधी ने वोट चोरी को हाइड्रोजन बम बताकर पूरे देश में शोर मचाया था, मगर ये बम दिवाली का पटाखा भी साबित नहीं हुआ।