फिल्मों में काम करने वाले कलाकारों को अच्छी-खासी फीस मिलती है। फिल्में अच्छी चल निकलें और ब्रांड वैल्यू बढ़ जाए तो महंगे-महंगे विज्ञापन मिलते हैं और बड़ी-बड़ी कंपनियां ब्रांड एंबेसडर भी बनाती है। ये ऐसे कलाकार होते हैं जिनकी फिल्में लगातार आती रहती हैं। कई कलाकार फिल्म की कमाई में से भी अच्छा-खासा हिस्सा भी लेते हैं। इन सबके इतर कुछ कलाकार ऐसे भी हैं जो मॉडलिंग की दुनिया और फिल्मी दुनिया के बीच रह जाते हैं। ऐसे ही कई कलाकारों ने बीते कुछ दिनों में सोशल मीडिया को अपनी कमाई का जरिया बना लिया। इंस्टाग्राम पर अपनी फैन फॉलोइंग का इस्तेमाल करके ये कलाकार महंगे विज्ञापन हासिल करते हैं। बीते कुछ साल में कई कलाकारों ने सीधे सब्सक्रिप्शन मॉडल के जरिए पैसे कमाने की शुरुआत कर दी है। इसमें कई कलाकार ऐसे हैं जो हर महीने 20 लाख से लेकर 50 लाख रुपये तक कमा रहे हैं जबकि उनके पास कोई फिल्म भी नहीं है।
हजारों-लाखों क्रिएटर्स ऐसे हैं जो Instagram के Subscriptions फीचर का इस्तेमाल करते हैं। इसमें इंस्टाग्राम यह सुविधा देता है कि कोई क्रिएटर कुछ ऐसा कॉन्टेंट भी रखे जिसके लिए वह अपने सब्सक्राइबर्स से पैसा ले सके। यह वेबसाइटों के Paywall और यूट्यूब के Members Only फीचर की तरह काम करता है। जहां किसी पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल करने क्रिएटर्स के पैसे कट जाते हैं, इंस्टाग्राम कोई भी चार्ज नहीं लेता। इसकी तुलना में यूट्यूब पर भी अच्छे-खासे पैसे कट जाते हैं, यही वजह है कि ज्यादातर क्रिएटर्स इंस्टाग्राम का रुख कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'हर महीने सोशल मीडिया से 2.5 लाख की कमाई', गडकरी ने बताया कहां खर्च करते हैं?
भारत में इस तरह मोटी कमाई करने वालों में कई फिल्मों काम कर चुकीं नेहा शर्मा, उनकी बहन आयशा शर्मा, मशहूर मॉडल पूनम पांडे, अन्वेशी जैन, गहना वशिष्ठ और विष्णु प्रिया भिमेनेनी जैसे नाम शामिल हैं। इंस्टाग्राम पर करोड़ों फॉलोवर्स वाले इन कलाकारों में एक बात यह है कि किसी के भी पास अच्छी फिल्में या फिल्मी काम नहीं है। अलग-अलग जगहों पर दिखने और अलग-अलग कारणों में रहने वाले ये कलाकार कमाई के अलग-अलग तरीके भी अपना चुके हैं और कई बार विवादों में भी रहे हैं।
कमाई का नया जरिया बना Subscriber Only फीचर
नेहा शर्मा और आएशा शर्मा का जलवा
ऐसे फीचर्स से कमाई की वजह से सबसे ज्यादा चर्चा में नेहा शर्मा रही हैं। राजनीति से जुड़े परिवार से आने वाली नेहा शर्मा साल 2003 से फिल्म इंडस्ट्री में हैं। फिल्म क्रुक, यमला पगला दीवाना 2, तानाजी जैसी फिल्मों के अलावा, टीवी सीरीज '36 Days' और कई म्यूजिक वीडियो में काम कर चुकी हैं। लंबे समय से उन्हें किसी फिल्म या वेब सीरीज में भी नहीं देखा गया लेकिन वह सोशल मीडिया पर हमेशा चर्चा में रही हैं। इसकी वजह है कि वह मुंबई में पैपराजी के कैमरों में लगातार कैद होती हैं। जिम आने और जाने के उनके वीडियो करोड़ों व्यूज बटोरते हैं और वह खुद भी इसे एंजॉय करती हैं।
अपने इसी अंदाज को नेहा शर्मा ने बेहतरीन फाइनेंशियल मॉडल में भी बदला है। अक्सर अपनी बहन आएशा शर्मा के साथ नजर आने वाली नेहा अपने बेहतरीन फैशन सेंस और बोल्ड ड्रेसिंग के लिए मशहूर हैं। यही वजह है कि जब वह अपने फैन्स से पेड सब्सक्रिप्शन की अपील करती हैं तो वहां भी उन्हें जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलता है।
यह भी पढ़ें: 100 से ज्यादा वैज्ञानिकों ने छोड़ा ISRO, सरकार ने सख्त किए इस्तीफे के नियम
उनकी बहन आएशा शर्मा भी इस खेल में काफी माहिर हैं। 6 मिलियन से ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोवर्स वाली आएशा शर्मा कई बार बोल्डनेस में अपनी बहन को भी पीछे छोड़ देती हैं। अपनी किताब के लिए मशहूर आएशा अक्सर किताबों से जुड़े वीडियो बनाती हैं लेकिन जब वह अपनी बहन नेहा के साथ जिम के बाहर दिखती हैं तो इस तरह के वीडियो खूब वायरल होते हैं।
3 महीने में घटने लगी कमाई
इस तरह की कमाई का ट्रेंड समझने के लिए हमने नेहा और आएशा शर्मा के फॉलोवर्स की संख्या पर नजर रखी। मार्च-अप्रैल में नेहा शर्मा के सब्सक्राइबर्स की संख्या 7 हजार के आसपास थी। मई-जून में यह बढ़कर 15 हजार से ज्यादा हो गई थी। तब नेहा शर्मा को सिर्फ इसी के जरिए हर महीने लगभग 43.5 लाख रुपये की कमाई हो रही थी।
अब 16 जुलाई 2026 को यह रिपोर्ट लिखे जाने के वक्त नेहा शर्मा के सब्सक्राइबर्स की संख्या आधे से भी कम हो गई है। उनके एक सब्सक्राइबर को 290 रुपये का चार्ज देना होता है और अब उनके सब्सक्राइबर्स की संख्या 7012 हो गई। इस तरह उनकी कमाई आधे से भी कम हो गई है। हालांकि, अभी भी नेहा शर्मा को हर महीने लगभग 20 लाख रुपये की कमाई हो रही है।
इसी तरह आएशा शर्मा के सब्सक्राइबर्स की संख्या में भी कमी आई है। जून में उनके सब्सक्राइबर्स की संख्या 707 थी और उनकी कमाई 2.05 लाख रुपये थी। अब जुलाई में उनके सब्सक्राइबर्स की संख्या घटकर 542 हो गई है और 290 रुपये के हिसाब से उनकी कमाई 1.57 लाख रुपये पर आ गई है।
सुपरहिट हैं विष्णु प्रिया भिमेनेनी
इस खेल में सुपरहिट चेहरों में विष्णु प्रिया भिमेनेनी हैं। तेलुगू टीवी शो पर नजर आने वाली विष्णु प्रिया भले ही अपने फिल्मी काम की वजह से पैन इंडिया इमेज ना रखती हों लेकिन इंस्टाग्राम पर उनका जलवा बरकरार है। 1.4 फॉलोवर्स वाली विष्णु प्रिया कुछ मलयालम फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर चुकी है लेकिन अब वह अपनी ऐक्टिंग से ज्यादा अपने सब्सक्राइबर्स के प्यार की वजह से मशहूर हैं।
विष्णु प्रिया के पेड कॉन्टेंट का चार्ज 390 रुपये प्रति महीना का है। मौजूदा वक्त में उनके सब्सक्राइबर्स की संख्या 6310 है और इस तरह वह 24.60 लाख रुपये महीने कमा रही हैं।
अन्वेशी जैन, पूनम पांडे और कंगना शर्मा
कई वेब सीरीज में काम कर चुकी अन्वेशी जैन अलग-अलग प्लेटफार्म पर लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मशहूर रही हैं। मौजूदा वक्त पर 6.3 मिलियन फॉलोवर्स और 554 सब्सक्राइबर्स के साथ अन्वेशी जैन हर महीने लगभग 2.16 लाख रुपये कमा रही हैं।
अपने OnlyFans अकाउंट, अडल्ट कॉन्टेंट और तमाम अन्य विवादों की वजह से पूनम पांडे हमेशा चर्चा में रही हैं। इंस्टाग्राम पर 6.5 मिलियन फॉलोवर्स वाली पूनम पांडेय का चार्ज 290 रुपये है और उनके सब्सक्राइबर्स की संख्या 1483 है। इस तरह वह हर महीने लगभग 4.3 लाख रुपये इसी से कमा ले रही हैं।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड के गेंदबाज टायमल मिल्स ने OnlyFans पर क्यों बना लिया अकाउंट?
इसी तरह मशहूर मॉडल कंगना शर्मा हर महीने 1 लाख रुपये, सोफिया अंसारी 12 लाख रुपये और स्पोर्ट्स प्रजेंटर शेफाली बग्गा भी एक लाख रुपये कमा रही हैं।
गहना वशिष्ठ का अलग है मॉडल
अब बैन हो चुके ULLU ऐप की मशहूर आर्टिस्ट रहीं गहना वशिष्ठ तमाम कारणों से चर्चा औ विवादों में रही हैं। अडल्ट वीडियो की वजह से जेल तक जा चुकीं गहना वशिष्ठ अभी भी तमाम वीडियो में अडल्ट कॉन्टेंट से जुड़ी बातें करती हैं।
उनका कमाई का मॉडल सबसे हटकर है। वह फोन पर बातें करने, वीडियो कॉल करने और चैटिंग के लिए अलग-अलग प्लान बेचती हैं। उनकी वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, वह 10 मिनट की कॉल के लिए 9999 रुपये, 30 मिनट की वीडियो कॉल के लिए 1 लाख रुपये, 10 मिनट की फोन कॉल के लिए 15 हजार रुपये, 5 मिनट की फोन कॉल के लिए 4999 रुपये और 15 मिनट की चैट के लिए 4999 रुपये चार्ज करती हैं। हालांकि, उनकी वेबसाइट पर यह स्पष्ट नहीं है कि वह इसके जरिए कितनी कमाई करती हैं।
पैसे देकर क्या देखते हैं सब्सक्राइबर्स?
जितने कलाकारों का विश्लेषण हमने किया उसमें पाया कि ज्यादातर ने रिवीलिंग वीडियो पोस्ट किए हैं। कई बार ये कलाकार ज्यादा इंगेजमेंट के लिए लाइव सेशन भी रखती हैं और उन लाइव सेशन में हजारों फैन्स जुड़ते हैं। सेमी न्यूड वीडियो, कैमरे के सामने कपड़े बदलने और स्ट्रिपिंग वाले वीडियो के चलते इन कलाकारों की आलोचना भी होती रही है। पूनम पांडे ने तो इसी को एक और कदम आगे बढ़ाकर अपना Onlyfans अकाउंट भी शुरू किया था जहां उन्होंने न्यूड वीडियो भी पोस्ट किए थे।
हालांकि, सोशल मीडिया पर हुई जबरदस्त ट्रोलिंग के बाद नेहा शर्मा ने बोल्ड वीडियो पोस्ट करने कम कर दिए हैं और शायद यही कारण है कि उनके फॉलोवर्स की संख्या 3 महीने के अंदर ही आधी हो गई है। विष्णु प्रिया भी इसी तरह की ट्रोलिंग झेल चुकी हैं। एक वीडियो में उन्होंने अपना बॉडी काउंट 5 बताया था और इसी वीडियो को शेयर करके उनकी जमकर आलोचना की गई थी। इसी तरह नेहा शर्मा, उनकी बहन आएशा शर्मा और अन्वेशी जैन के फोटो और वीडियो भी शेयर किए जाते हैं और उनकी खूब ट्रोलिंग होती है।
इसका अहम कारण है कि ज्यादा कलाकार वैसा कॉन्टेंट पोस्ट करते हैं जिसे आमतौर पर इंस्टाग्राम ही न्यूडिटी या अन्य कारणों से फिल्टर कर देता है। भले ही इन कलाकारों की ट्रोलिंग होती हो लेकिन यह सच है कि इनके सब्सक्राइबर्स की संख्या हजारों में है और वे यही कॉन्टेंट देखने के लिए अच्छी-खासी रकम भी चुका रहे हैं।
हालांकि, अगर इसी की तुलना विदेशी सितारों से करें तो भारतीय कलाकारों की कमाई बेहद कम है। विदेशी फिल्मों में काम करने वाले दर्जनों कलाकार ऐसे हैं जो Onlyfans जैसे प्लेटफार्म पर जमकर फोटो और वीडियो पोस्ट करके करोड़ों की कमाई कर रहे हैं। कई भारतीय कलाकार भी Onlyfans और इसके जैसे कई अन्य प्लेटफार्म पर मौजूद हैं और वहां से भी अच्छी-खासी कमाई कर रहे हैं।
