भारत में कुत्तों को पालने का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। कुत्तों को पालने को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल भी उठते हैं और सोशल मीडिया पर अक्सर इस बात की चर्चा होती रहती है कि कुत्तों को क्या खिलाना चाहिए। हर मालिक के मन में एक सवाल जरूर आता है कि अपने प्यारे दोस्त को क्या खाना खिलाया जाए जिससे वह स्वस्थ रहे और एनर्जी से भरा रहे। आजकल मार्केट में कुत्ते के खाने के कई ब्रांड आ गए हैं लेकिन हर ब्रांड हर कुत्ते के लिए एक जैसा नहीं होता। कुछ ब्रांड सस्ते हैं जो आम बजट वाले लोगों के लिए ठीक हैं तो कुछ महंगे हैं जो खास नस्ल के कुत्ते या फिर कुछ मेडिकल जरूरतों के लिए दिए जाते हैं। ऐसे में कुत्ते के लिए खाने का ब्रांड सिलेक्ट करते समय सावधानी बरतना जरूरी है।  

 

अगर आप फूड ब्रांड सिलेक्ट करते समय सावधानी नहीं बरतते तो बाद में आपको दिक्कत हो सकती है। गलत ब्रांड चुनने से कुत्ते का वजन बढ़ सकता है, पाचन खराब हो सकता है या बाल झड़ने लग सकते हैं। इसलिए सही ब्रांड चुनना बहुत जरूरी है जहां खर्च भी कम हो और सेहत भी अच्छी रहे। इस आर्टिकल में आप भारत के कुछ मशहूर डॉग फूड के बारे में जान सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: घर का खाना या पैक्ड फूड, पालतू कुत्ते के लिए क्या है बेस्ट? खर्च का हिसाब समझिए

पेडिग्री ब्रांड 

यह भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाला और सस्ता ब्रांड माना जाता है। यह ब्रांड चिकन और वेजीटेबल फ्लेवर में आता है और इसमें प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है जो कुत्ते की मसल्स और एनर्जी के लिए फायदेमंद है। पेडिग्री का खाना आसानी से पच जाता है और बाल चमकदार बनाता है। आमतौर पर तीन किलो का पैक 700 रुपये के आसपास मिल जाता है जबकि 10 किलो वाला पैक 2200 रुपये में आ जाता है।

 अगर आपका बजट कम है और कुत्ता स्वस्थ है तो पेडिग्री बढ़िया विकल्प है लेकिन लंबे समय में कुछ कुत्तों को इसमें ग्रेन ज्यादा लग सकता है। इसलिए कुत्ते के व्यवहार के हिसाब से आप इस ब्रांड का चयन कर सकते हैं। 

ड्रूल्स 

यह एक भारतीय कंपनी का है और कीमत के हिसाब से अच्छा वैल्यू देती है। ड्रूल्स में चिकन एग फ्लेवर बहुत पॉपुलर है और इसमें ओमेगा फैटी एसिड्स मिले होते हैं जो त्वचा और बालों के लिए अच्छे हैं। यह ब्रांड कुत्ते की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है और पाचन सिस्टम को मजबूत रखता है। पांच किलो का पैक 900 से 1000 रुपये के बीच मिलता है जबकि बड़ा पैक और भी सस्ता पड़ता है।

 ड्रूल्स उन मालिकों के लिए बढ़िया है जो सस्ते में अच्छी क्वालिटी चाहते हैं और कुत्ता मीडियम एक्टिविटी वाला है।

रॉयल कैनिन

यह एक प्रीमियम कैटेगरी का ब्रांड है और नस्ल के हिसाब से अलग-अलग फॉर्मूला बनाता है। जैसे लैब्राडोर के लिए अलग और पोमेरियन के लिए अलग खाना। इसमें विटामिन्स और मिनरल्स की बैलेंस मात्रा होती है जो वजन कंट्रोल और जोड़ों की सेहत के लिए फायदेमंद है। रॉयल कैनिन का खाना बहुत हाई डाइजेस्टिबल यानी आसानी से पचने वाला होता है। इस ब्रांड की कीमत अन्य ब्रांड्स की तुलना में थोड़ी ज्यादा है दो से ढाई किलो का पैक 2000 रुपये से ऊपर जाता है और बड़ा पैक 10-12 हजार तक हो सकता है। अगर आपका कुत्ता खास नस्ल का है या कोई हेल्थ इश्यू है तो रॉयल कैनिन बेस्ट रहेगा।

फार्मिना एन एंड डी

यह ग्रेन फ्री और नैचुरल इंग्रीडिएंट्स वाला प्रीमियम ब्रांड है। इसमें डक या लैंब जैसे हाई क्वालिटी प्रोटीन होते हैं जो एलर्जी वाले कुत्तों के लिए बहुत अच्छा है। फार्मिना कुत्ते की स्किन को हेल्दी रखता है पाचन सुधारता है और लंबी उम्र के लिए सपोर्ट करता है। यह इटली से आता है और भारत में काफी पॉपुलर हो गया है। 

 

दो ढाई किलो का पैक 3500 रुपये के आसपास है। यह ब्रांड महंगा लग सकता है लेकिन क्वालिटी के हिसाब से आपको कभी निराश नहीं करेगा। अगर आपके कुत्ते को पाचन की दिक्कत रहती है तो फार्मिना ब्रांड का खाना जरूर दें। 

 हिल्स साइंस डाइट

इस खाने को खिलाने की सलाह वेटरिनरी डॉक्टर्स भी देते हैं और खास हेल्थ कंडीशन्स जैसे किडनी प्रॉब्लम या वजन कंट्रोल के लिए बनाया जाता है। इसमें साइंस बेस्ड फॉर्मूला होता है जो कुत्ते की पूरी न्यूट्रिशन पूरी करता है और बीमारियों से बचाव में मदद करता है। हिल्स का खाना थोड़ा महंगा है। चार किलो का पैक दो से तीन हजार रुपये तक का हो सकता है लेकिन लंबे समय में डॉक्टर के खर्चे बचाता है। अगर आपके कुत्ते को कोई मेडिकल इश्यू है तो हिल्स सबसे बढ़िया रहेगा।

 

यह भी पढ़ें: 6 महीने की जेल और जुर्माना, पालतू कुत्ते ने काटा तो मालिक पर आफत

किस ब्रांड को चुनें?

अब आप सोच रहे होंगे कि इनमें से कौन से ब्रांड का चयन आप लोगों को करना चाहिए। अगर बजट टाइट है तो पेडिग्री या ड्रूल्स से शुरू करें। मीडियम बजट में रॉयल कैनिन अच्छा है। प्रीमियम चाहते हैं तो फार्मिना या हिल्स चुन सकते हैं। हर ब्रांड के पैक पर उम्र और वजन के हिसाब से गाइड लिखी होती है उसके हिसाब से ही कुत्ते को खाना खिलाएं। 

 

कुत्ते को रोजाना साफ पानी और एक्सरसाइज भी जरूरी है। एक बात ध्यान रखें की खाना डॉक्टर से चेकअप करवाकर ही शुरू करें। कुछ कुत्तों को एक ब्रांड सूट करता है तो दूसरे को नहीं। धीरे-धीरे बदलाव करें ताकि पेट खराब न हो। सही खाना चुनने से आपका कुत्ता सालों साल स्वस्थ और खुश रहेगा।