ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन पिंक बॉल टेस्ट में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। लाबुशेन ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि शुक्रवार (5 दिसंबर) को इंग्लैंड के खिलाफ गाबा टेस्ट में हासिल की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में अर्धशतकीय पारी खेली और इस दौरान पिंक बॉल टेस्ट में हजार रन का आंकड़ा पार कर लिया। लाबुशेन ने 16वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया है।
पिंक बॉल टेस्ट में लाबुशेन का जवाब नहीं
मार्नस लाबुशेन का पिंक बॉल टेस्ट में रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। इंग्लैंड के 334 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया को उनसे फिर से अच्छे प्रदर्शन की जरूरत थी। लाबुशेन ने अपनी टीम को निराश नहीं किया और 78 गेंद में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली। उन्होंने जेक वेदराल्ड और कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को 200 के करीब पहुंचाया। पिंक बॉल टेस्ट में वह अपनी पांचवी सेंचुरी की ओर तेजी से बढ़ रहे थे लेकिन इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स की बाहर की गेंद को छेड़ बैठे और विकेट के पीछे लपक लिए गए।
यह भी पढ़ें: 'जब वे फॉर्म में आएंगे सब गायब हो जाएंगे', रोहित-विराट पर बोले रवि शास्त्री
पिंक बॉल टेस्ट में लाबुशेन का प्रदर्शन
| पारी | 16 |
| रन | 1023 |
| औसत | 63.93 |
| शतक | 4 |
| अर्धशतक | 5 |
| बेस्ट स्कोर | 163 |
लाबुशेन के बाद स्मिथ के नाम है सबसे ज्यादा रन
मार्नस लाबुशेन के बाद पिंक बॉल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्टीव स्मिथ दूसरे नंबर पर हैं। स्मिथ के नाम 876 रन हैं। वह पहली पारी में 61 रन बनाकर आउट हुए। अगर गाबा में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान वह 124 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो लाबुशेन के बाद पिंक बॉल टेस्ट में हजार रन के आंकड़े को छूने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
यह भी पढ़ें: जिसे धोनी ने समझा 'नौसिखिया', उसने सरफराज-सूर्या की मुंबई को हिला डाला
पिंक बॉल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन
मार्नस लाबुशेन - 1023 रन
स्टीव स्मिथ - 876 रन
डेविड वॉर्नर - 753 रन
ट्रेविस हेड - 752 रन
जो रूट - 639 रन
