कार्लोस अल्काराज ने चोट से उबरने के बाद शानदार वापसी करते हुए US ओपन में सीधे सेटों में जीत दर्ज कर दूसरे राउंड में जगह बना ली है। अल्काराज ने रोमन सफिउलिन को हराया। वहीं महिला वर्ग में पिछली दो बार की चैंपियन आर्यना सबालेंका ने भी अपना पहले राउंड का मैच जीत लिया है। सबालेंका ने कैमिला ओसोरियो का हराया।
मौजूदा US ओपन चैंपियन अल्काराज दाहिनी कलाई में चोट के कारण अप्रैल से ही बाहर थे। वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन में ही नहीं खेल पाए थे। स्पेन के इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने सोमवार को रोमन सफिउलिन को 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर खिताब बचाने के अपने अभियान का शानदार आगाज किया। सबालेंका के बाद आर्थर ऐश स्टेडियम में प्रवेश करने वाले दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज मैच के आगे बढ़ने के साथ अधिक सहज नजर आने लगे और उन्होंने शानदार खेल का नजारा पेश किया। उन्होंने दर्शकों से अपार समर्थन पाने के लिए अपने कान पर हाथ रखा और मैच के अंतिम गेम में एक शानदार वॉली विनर के बाद मुट्ठी हवा में लहराई।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल... PCB ने बीच सीरीज में बदल दी टीम, 7 खिलाड़ी बाहर
खिताब के प्रबल दावेदार बन सकते हैं अल्काराज
सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज फिट रहते हैं, तो वह जल्द ही खिताब के प्रबल दावेदार बन सकते हैं। यानिक सिनर घुटने की चोट के कारण US ओपन से बाहर हैं। वहीं नोवाक जोकोविच पहले राउंड से ही बाहर हो चुके हैं।
अल्काराज ने जीत के बाद कहा, 'मुझे फिर से प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिला, इससे मैं बहुत खुश हूं। टेनिस का लेवल निश्चित रूप से बेहतर होगा। मैंने अपने पहले मैच में जिस तरह का खेल दिखाया उससे मैं खुश हूं।'
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स: रेसलिंग में अमन सहरावत और अंतिम पंघाल से Gold की उम्मीदें क्यों है?
सबालेंका लगातार तीसरे खिताब की ओर
महिला सिगल्स में सबालेंका ने कैमिला ओसोरियो को 6-4, 6-4 से हराकर 2012-14 में सेरेना विलियम्स के बाद लगातार तीन US ओपन चैंपियनशिप जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनने की तरफ कदम बढ़ाए। वह साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में पिछले तीन मौकों पर फाइनल में पहुंच चुकी हैं। सबालेंका ने 2023 में कोको गॉफ से मिली हार से उबरते हुए 2024 में जीत हासिल की और फिर पिछले साल अमांडा अनिसिमोवा को हराकर खिताब का बचाव किया। मैच के बाद सबालेंका ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह मेरे पसंदीदा स्टेडियमों में से एक है। मैंने इस स्टेडियम में सबसे अच्छी भावनाओं का अनुभव किया है।'
