कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) के 23वां एडिशन का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लास्गो में होना है। CWG 2026 में सिर्फ 10 ही खेल इवेंट होंगे। शूटिंग, रेसलिंग, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे खेल ग्लास्गो में नहीं दिखेंगे। इन खेलों में भारत बड़ी संख्या में मेडल जीतते रहा है। लागत कम रखने के कारण इन खेलों समेत कई इवेंट्स को बाहर किया गया है, जिससे भारत के मेडल की संख्या में बहुत ज्यादा कमी आना तय है। बता दें कि चार साल पहले बर्मिंघम में आयोजित हुए पिछले CWG में भी शूटिंग को बाहर रखा गया था।

 

आगामी CWG के लिए भारत ने 126 खिलाड़ियों के दल को भेजने का फैसला किया है। नेटबॉल और बास्केटबॉल को छोड़कर भारत 8 इवेंट्स में भाग लेगा। CWG में वैसे तो मेडल जीतना उतना कठिन नहीं रहता है लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ियों का सफर मुश्किल होने वाला है। गोल्ड के लिए कुछ चुनिंदा टॉप खिलाड़ियों पर निर्भर रहना होगा। आज हम उन्हीं में से 5 खिलाड़ियों पर नजर डालेंगे, जिनसे देश को गोल्ड की उम्मीदें हैं।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना पर मेहरबानी? अब स्विट्जरलैंड ने उठाए सवाल

नीरज चोपड़ा (जैवलिन)

जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा किसी भी इवेंट में उतरते हैं और पहले स्थान पर फिनिश नहीं करते हैं तो यह उनकी असफलता बताई जाती है। इससे पता चलता है कि इस दिग्गज एथलीट ने किस तरह अपने प्रदर्शन से लोगों की उम्मीदें बंधाई है। नीरज पिछले CWG में चोट के चलते हिस्सा नहीं ले सके थे। इससे पहले 2018 में उन्होंने गोल्ड जीता था। डबल ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज से एक बार फिर गोल्ड की उम्मीद लगाई जा रही है। उन्हें ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स, पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम और श्रीलंका के रूमेश थरंगा से चुनौती मिलेगी।

रोहित यादव (जैवलिन)

नीरज की तरह रोहित यादव से भी बड़ी उम्मीदें हैं। अपनी बेहतरीन तकनीक और दबाव में भी दूर तक भाला फेंकने की काबिलियत के लिए पहचाने जाने वाले रोहित ने घरेलू और इंटरनेशनल लेवल पर लगातार सुधार किया है। भले ही जैवलिन इवेंट में कड़ी प्रतिस्पर्धा है लेकिन उनके हालिया प्रदर्शन से पता चलता है कि उनमें कॉमनवेल्थ गेम्स में छाप छोड़ने की क्षमता है। उन्होंने हाल ही में इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में 87.05 मीटर के जबरदस्त थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में कभी नहीं हारा अर्जेंटीना, इस बार बदलेगी कहानी?

मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग)

वेटलिफ्टिर मीराबाई चानू ने CWG में दो गोल्ड मेडल जीते हैं। वह 48 किलोग्राम वर्ग में हैट्रिक लगाने उतरेंगी। मीराबाई ने चोट से उबरने के बाद अपनी बेस्ट फॉर्म हासिल कर ली है। क्लीन एंड जर्क की ताकत और स्नैच तकनीक का उनका कॉम्बिनेशन उन्हें कॉमनवेल्थ देशों में बाकियों से काफी आगे रखता है। अगर कोई अनहोनी न हो तो वह एक और गोल्ड अपने नाम कर सकती हैं।

प्रीति पवार (बॉक्सिंग)

CWG में प्रीति पवार शानदार फॉर्म के साथ उतरेंगी। वह एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर आ रही हैं। उन्हें इस कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट में अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया। इससे पहले प्रीति ने वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। वह एशियन गेम्स 2023 में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं, जो उनके सीनियर करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जम्पिंग)

एथलेटिक्स में ट्रिपल जम्पर प्रवीण चित्रवेल से गोल्ड से कम की उम्मीदें नहीं हैं। नेशनल रिकॉर्ड होल्डर प्रवीण ने अपनी तकनीक में लगातार सुधार करते हुए एशिया के टॉप ट्रिपल जम्पर्स में जगह पक्की की है। उन्होंने इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में 16.92 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता था। इससे पहले एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जो उनके इंटरनेशनल करियर के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है।