ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल खेला जा रहा है। रविवार (6 सितंबर) को शुरू हुए इस खिताबी मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ईस्ट जोन टॉस जीतकर पहले बैटिंग कर रही है। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने ईस्टो जोन को एक बार फिर बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने 100 रन की साझेदारी की।
वैभव 37 गेंद में 44 रन की तेज पारी खेलकर आउट हुए। 15 साल के इस खिलाड़ी की बल्लेबाजी देखने चेपॉक में भारी संख्या में दर्शक आए थे। वैभव ने शुरू में रंग जमाया लेकिन पहले घंटे के खेल के बाद वह चामा मिलिंद की छोटी गेंद पर आसान कैच थमा बैठे। उनके पवेलियन लौटने बाद क्रीज पर उतरे शिखर मोहन ने अपनी कलात्मक बल्लेबाजी से दर्शकों का मन मोह लिया। 21 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 120 गेंद में 85 रन की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: US ओपन में हारे युकी भांबरी और माइकल वीनस, अनिरुद्ध चंद्रशेखर भी बाहर
ईशान किशन के साथ मिलकर टीम को संभाला
अभिमन्यु ईश्वरन लंच से ठीक पहले शिखर के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए। उन्होंने 86 गेंद में 72 रन बनाए। इसके बाद सुदीप घरामी (6) भी सस्ते में निपट गए। ईस्ट जोन की टीम अच्छी शुरुआत के बाद 47 रन बनाने में 3 विकेट गंवा चुकी थी। साउथ जोन के लिए वापसी के दरवाजे खुल चुके थे लेकिन विराट सिंह की जगह टीम में आए शिखर ने कप्तान ईशन किशन के साथ मिलकर मोर्चा संभाला लिया।
शिखर और ईशान ने चौथे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी कर ईस्ट जोन को संकट से निकाला। शिखर अपने तीसरे फर्स्ट क्लास शतक की ओर आसानी से बढ़ते दिख रहे थे लेकिन वह मिलिंद की पटकी हुई गेंद को अपने विकेटों पर खेल बैठे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान आक्रामकता और सावधानी का बेहतरीन मिश्रण पेश कर क्रिकेट एक्सपर्ट्स को खूब प्रभावित किया।
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग: अभिनंदन सिंह या जीशान अंसारी, फाइनल में किसके सिर सजेगा पर्पल कैप?
कौन हैं शिखर मोहन?
शिखर का जन्म 18 मई 2005 को रांची में हुआ था। वह झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने पिछले ही सीजन में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। शिखर ने अपने पहले ही सीजन में प्रभावित किया और 12 पारियों में 55 की औसत से 613 रन जड़ दिए। उन्होंने नागालैंड के खिलाफ दोहरा शतक और बड़ौदा के खिलाफ शतक ठोका।
शिखर ने एज-ग्रुप लेवल पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी 2023-24 में 77.88 की औसत से 623 रन बनाए और फिर 13 पारियों में 887 रन बटोरे। शिखर ने इसके बाद झारखंड के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में 7 पारियों में 391 रन बनाए।
