उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 का फाइनल मुकाबला आज (6 सितंबर) खेला जाना है। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ट्रॉफी के लिए मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। मेरठ मावेरिक्स की कमान रिंकू सिंह के हाथों में है, जबकि लखनऊ फाल्कन्स की कप्तानी भुवनेश्वर कुमार कर रहे हैं।
मेरठ मावेरिक्स की टीम लगातार चौथी बार फाइनल खेलने वाली है। उसने यूपी टी20 लीग के सभी एडिशन में फाइनल में जगह बनाई लेकिन वह एक ही बार चैंपियन बन पाई है। दूसरी तरफ लखनऊ फाल्कन्स पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंची है। मेरठ मावेरिक्स के स्पिनर्स कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं, तो लखनऊ फाल्कन्स के पेसर्स कहर बरपा रहे हैं। फाइनल में ट्रॉफी के लिए दोनों टीमों की भिड़ंत के अलावा पर्पल कैप के लिए भी दिलचस्प जंग देखने को मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Duleep Trophy: फाइनल में गरज रहा है वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, यहां देखें LIVE Zeeshan
पर्पल कैप की रेस में कौन मारेगा बाजी?
यूपी टी20 लीग के मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मेरठ मावेरिक्स के स्पिनर जीशान अंसारी टॉप पर चल रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले लेग स्पिनर जीशान महज 9 पारियों में ही 23 विकेट चटका चुके हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर लखनऊ फाल्कन्स के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह हैं।
IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे अभिनंदन ने 10 पारियों में 21 विकेट झटके हैं। वह फाइनल में जीशान से आगे निकलना चाहेंगे। हालांकि उनकी राह थोड़ी मुश्किल है। अगर मेरठ मावेरिक्स की टीम पहले गेंदबाजी करती है और जीशान 1 विकेट भी चटकाते हैं तो उन्हें पछाड़ने के लिए अभिनंदन को 4 विकेट झटकने होंगे। अभिनंदन यूपी टी20 लीग के इस सीजन में दो बार 4 विकेट हॉल ले चुके हैं। अब देखना होगा कि वह पर्पल कैप की रेस में जीशान को पछाड़ पाते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की आएगी आंधी? ईस्ट जोन की पहले बैटिंग
यूपी टी20 लीग 2026 में सबसे ज्यादा विकेट
- जीशान अंसारी (मेरठ मावेरिक्स) - 23 विकेट
- अभिनंदन सिंह (लखनऊ फाल्कन्स) - 21 विकेट
- शिवा सिंह (नोएडा किंग्स) - 16 विकेट
- अटल बिहारी राय (काशी रुद्रास) - 15 विकेट
- अजय कुमार - (कानपुर सुपरस्टार्स) - 14 विकेट