स्पेन की वर्ल्ड कप चैंपियन टीम सोमवार को स्वदेश लौटने वाली है। टीम के सदस्यों का स्वागत स्पेन के शाही महल और प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज द्वारा किया जाएगा। इसके बाद शाम को खिलाड़ी खुली छत वाली बस में सवार होकर मैड्रिड शहर के बीचों-बीच विक्ट्री परेड में हिस्सा लेंगे। टीम के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में फैंस के जुटने की संभावना है। 

 

स्पेन ने रविवार को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। स्पेन ने इससे पहले 2010 में साउथ अफ्रीका में पहली बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीती थी। इस तरह यह उसके इतिहास का दूसरा वर्ल्ड कप खिताब है।

 

यह भी पढ़ें: खतरा अभी टला नहीं है... लॉर्ड्स में शतक के बाद भी रिटायरमेंट ले सकते हैं रोहित!

ऐसी होगी विक्ट्री परेड

विक्ट्री परेड प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास मोनक्लोआ पैलेस के निकट से शुरू होकर सिबेल्स स्क्वायर तक जाएगी। इसके बाद सिबेल्स स्क्वायर पर खिलाड़ियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित होगा। यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां स्पेन की नेशनल टीमें और उनके समर्थक बड़ी जीत के बाद पारंपरिक रूप से जश्न मनाते रहे हैं।

मैड्रिड में पूरी रात मना जश्न

फाइनल की समाप्ति के साथ ही मैड्रिड पूरी रात जश्न में डूबा रहा। हजारों समर्थक बार और रेस्तरां से निकलकर सड़कों पर उमड़ पड़े। कई लोग स्पेन का नेशनल फ्लैग ओढ़े हुए थे, जबकि अनेक प्रशंसक टीम के रंगों वाली जर्सियां पहने हुए थे। राजधानी के पुर्ता देल सोल सहित प्रमुख चौक लोगों से खचाखच भर गए। समर्थकों ने गीत गाए, नृत्य किया, आतिशी की और पूरे शहर में वाहनों के हॉर्न गूंजते रहे। कई लोग सोमवार तड़के तक जीत का जश्न मनाते रहे। सोमवार सुबह 19 वर्षीय विक्टर आल्वारेज ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं। मैंने केवल तीन-चार घंटे ही सोया है, लेकिन टीम के लिए मैं कुछ भी करने को तैयार हूं।'

 

यह भी पढ़ें: ऋतुराज कप्तान, सरफराज की एंट्री, पृथ्वी शॉ को भी मिला मौका... टीम का हुआ ऐलान

जश्न के दौरान एक छोटे फैन की मौत 

स्पेन मेंस और विमेंस दोनों वर्ल्ड कप खिताब अपने पास रखने वाला पहला देश बन गया है। स्पेन की विमेंस टीम ने 2023 में खिताब जीता था। अब मेंस टीम ने इतिहास रचा है। स्पेन की इस ऐतिहासिक जीत के बीच एक दुखद घटना भी सामने आई है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मैड्रिड के उत्तर-पश्चिम में स्थित सलामांका में 13 वर्षीय एक किशोर की उस समय मृत्यु हो गई, जब वह दोस्तों के साथ जश्न मनाने के लिए जिस फव्वारे पर चढ़ा था और वह ढह गया।

 

 स्पेन फुटबॉल टीम के कई युवा समर्थकों के लिए यह पहली बार है जब उन्होंने मेंस नेशनल टीम को वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाते देखा है। इसी कारण पूरे देश में उत्साह और उल्लास का अभूतपूर्व माहौल है।

एयरपोर्ट पर जुटे फैंस

टीम के लौटने से पहले ही मैड्रिड के बराखास एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में फैंस स्वागत करने के लिए पहुंच गए हैं। ज्यादातर फैंस टीम की जर्सी पहने हुए थे और हाथों में स्पेन के नेशनल फ्लैग लहरा रहे थे। टीम के समर्थक सोमवार सुबह से ही सिबेल्स स्क्वायर के आसपास अपनी जगह सुरक्षित करने में लगे है। तेज धूप और 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाले संभावित तापमान से बचने के लिए वे अपने साथ छतरियां भी लेकर पहुंचे हैं।