भारत और अफगानिस्तान के बीच अगले महीने 1 टेस्ट मैच और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस घरेलू सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। टेस्ट टीम में गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और मानव सुथार की एंट्री हुई है। वहीं वनडे टीम में प्रिंस यादव नया चेहरा हैं। गुरनूर और हर्ष को टेस्ट के साथ-साथ वनडे में भी मौका मिला है। आइए जानते हैं ये 4 खिलाड़ी ने भारतीय टीम तक कैसे पहुंचे हैं।
गुरनूर बराड़
पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि उन्होंने अब तक 18 फर्स्ट क्लास मैचों में सिर्फ 52 विकेट लिए हैं। उनसे बेहतर जम्मू-कश्मीर के पेसर आकिब नबी के आंकड़े हैं। समझा जा रहा है कि सेलेक्टर्स ने 25 साल के गुरनूर को आंकड़ों को देखकर नहीं, बल्कि उनकी काबिलियत पर भरोसा करते हुए चुना है। लंबे कद के गुरनूर बेजान पिच पर भी अतिरिक्त गति और उछाल हासिल कर सकते हैं। उन्हें पिछले साल इंडिया-ए के लिए खेलते हुए 3 मैचों में 12 विकेट झटके थे। व्हाइट बॉल क्रिकेट की बात करें तो गुरनूर ने 9 लिस्ट-ए मैचों में 12 विकेट, जबकि 9 टी20 में 10 विकेट अपने नाम किए हैं।
यह भी पढ़ें: KKR ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया, रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस
हर्ष दुबे
लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे रणजी ट्रॉफी इतिहास के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंन 2024-25 सीजन में 69 विकेट लेकर यह रिकॉर्ड बनाया था और विदर्भ की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। 23 साल के हर्ष ने चेन्नई में आर अश्विन के मेंटोरशिप में काफी क्लब क्रिकेट खेला है। उन्हें रवींद्र जडेजा का रिप्लेसमेंट माना जाता है। हर्ष पिछले दो सीजन से लगातार इंडिया-ए के लिए खेल रहे हैं। वह अब तक 27 फर्स्ट क्लास मैचों में 133 विकेट झटक चुके हैं। बल्ले से भी कमाल करते हुए उन्होंने 9 अर्धशतक जड़े हैं।
मानव सुथार
राजस्थान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार 2022-23 रणजी सीजन में सुर्खियों में आए थे। उन्होंने 6 मैचों में ही 39 विकेट चटका दिए थे। इसके बाद उन्हें लगातार इंडिया-ए टीम में मौके मिले। उन्होंने दलीप ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए 7 विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी। 23 साल के सुथार को एज ग्रुप क्रिकेट से ही रेड-बॉल स्पेशलिस्ट माना जाता है। वह 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 129 विकेट ले चुके हैं। उनके नाम एक शतक और छह अर्धशतक भी दर्ज है।
यह भी पढ़ें: जिद या मजबूरी? KKR ने अजिंक्य रहाणे के लिए कुर्बान कर दिया 3 करोड़ी प्लेयर
प्रिंस यादव
24 साल के प्रिंस यादव भले ही IPL 2026 में अपने घातक प्रदर्शन से चर्चा में आए हों लेकिन सेलेक्टर्स की नजरें उन पर पिछले सीजन विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान से ही थी। उन्होंने 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए खेलते हुए 8 मैचों में 5.16 की इकॉनमी से 18 विकेट ले लिए थे। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस की खासियत यह है कि वह 140 प्लस की रफ्तार में भी गेंद को दोनों तरफ मूव करा सकते हैं। प्रिंस को वनडे फॉर्मेट के लिए कम्पलीट तेज गेंदबाज माना जा रहा है। उन्होंने अब तक 14 लिस्ट-ए मैचों में 29 विकेट झटके हैं।
भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।
भारतीय वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।
