वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद यूनाइटेड किंगडम (UK) दौरे पर गई टीम इंडिया लगातार हार रही है। आयरलैंड में मिली 0-2 से शर्मनाक हार के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में भी पिछड़ गई है। भारत-इंग्लैंड के बीच पहला मुकाबला बारिश के कारण नहीं हो सका था। इंग्लैंड ने दूसरे टी20 मैच में 4 विकेट से जीत हासिल कर 1-0 की बढ़त हासिल की।
नॉटिंघम में बुधवार (7 जुलाई) को खेले गए तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया से वापसी की उम्मीद की जा रही थी लेकिन उसने सरेंडर कर दिया। इंग्लैंड के 201 रन के जवाब में भारतीय टीम महज 76 रन पर ऑलआउट हो गई। उसे 125 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। टी20 क्रिकेट के इतिहास में रनों के अंतर से भारत की यह सबसे बड़ी हार रही। भारतीय टीम UK दौरे पर अभी तक 5 टी20 मुकाबले खेल चुकी है लेकिन वह जीत से दूर है। यह पहली बार है, जब टीम इंडिया को टी20 में लगातार 5 मैचों में एक भी जीत नसीब नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: नोवाक जोकोविच ने रचा इतिहास, विंबलडन का सबसे लंबा क्वार्टर-फाइनल जीता
आखिरी बार कब हुआ था ऐसा?
भारतीय टीम के लिए यह पहला मौका नहीं है, जब वह टी20 में जीत के लिए तरस गई है। इससे पहले 2009 और 2021 में टीम को लगातार 4 मैचों हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि अब बिना जीत का सिलसिला 5 मैचों तक पहुंच गया है।
टीम इंडिया लगातार दूसरी सीरीज हार की कगार पर भी है। इससे पहले 2019 में ऐसा हुआ था, जब टीम लगातार दो सीरीज हारी थी। उस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने अपने घर में भारत को 2-1 से मात दी थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को उसकी सरजमीं पर 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया था।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन के लिए अलग नियम क्यों? अपने ही बयान में फंसे गौतम गंभीर
रन चेज करना भूली भारतीय टीम
भारतीय टीम आयरलैंड में रन चेज करते हुए दोनों मैच हारी थी। नॉटिंघम में वह रन चेज में ढेर हो गई। यानी वह लगातार 3 मैचों बाद में बैटिंग करते हुए नहीं जीत सकी है। इससे पहले 2009 में ऐसा हुआ था, जब भारतीय टीम रन चेज करते हुए लगातार 3 मैच हारी थी।


