भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (24 अक्टूबर) को खेला जाना है। इससे एक दिन पहले ईशान किशन के कवर के तौर पर कुमार कुशाग्र को टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। नंबर-1 टी20 बल्लेबाज ईशान दाएं पैर में चोट के चलते दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया कि मेडिकल टीम ईशान की रिकवरी पर निगरानी बनाए रखेगी। 

 

बोर्ड ने अपने बयान में आगे कहा कि सीनियर सेलेक्शन कमिटी ने दूसरे टी20 के लिए कुशाग्र को कवर के तौर पर स्क्वॉड में शामिल किया है। झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुशाग्र इस समय क्राइस्टचर्च में ही हैं। वह इंडिया-ए टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर गए हैं। कुशाग्र को इससे पहले कीवी टीम के खिलाफ आगामी 5 मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया गया था।

 

यह भी पढ़ें: भारतीय महिला टीम ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को हराया, प्रतिका रावल ने जड़ा शतक

वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका?

ईशान के चोटिल होने से वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है। हालांकि उन्हें खिलाने पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी को तोड़ना होगा। एशियन गेम्स 2026 में वैभव और अभिषेक ने ओपनिंग की थी, जबकि संजू नंबर-3 पर उतरे थे। देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट वैभव के लिए ओपनिंग स्लॉट में बदलाव करती है या नहीं। ईशान की जगह शिवम दुबे को भी प्लेइंग-XI में शामिल किया जा सकता है।

 

भारतीय टीम ने पहले टी20 मैच में सिर्फ 5 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया था। पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर नमन धीर को एक भी ओवर नहीं दिया गया था। शिवम दुबे पेस बॉलिंग का विकल्प देते हैं। वह न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में काम आ सकते हैं। साथ ही वह नीतीश कुमार रेड्डी का भार भी कम करेंगे। अब देखना होगा कि मैनेजमेंट क्या सोचता है। कुशाग्र को मौका मिलने की गुंजाइश बेहद कम है।

 

यह भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स: 2023 में आया था सिर्फ ब्रॉन्ज, इस बार तैराकों ने झटके 11 मेडल

 

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)