भारतीय टीम ने कोलंबो टेस्ट पर शिकंजा कस लिया है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने श्रीलंका को फॉलोऑन के लिए मजबूर करने के बाद चौथे दिन (26 अगस्त) स्टंप्स तक उसे 6 झटके दे दिए हैं। श्रीलंकाई टीम अपनी दूसरी पारी में 229 रन ही बना पाई है। मेजबान टीम के पास सिर्फ 16 रन की बढ़त है और उसके 4 ही विकेट बचे हुए हैं। टीम इंडिया क्लीन स्वीप करने की दहलीज पर खड़ी है।
श्रीलंका ने मुकाबले के चौथे दिन अपनी पहली पारी 265/8 के स्कोर से आगे बढ़ाई। 85 रन पर नाबाद लौटे सोनल दिनुशा ने लगातार दूसरा शतक जड़ा। हालांकि भारतीय टीम ने उसकी पारी समेटने में ज्यादा देर नहीं लगाई और उसे 290 पर ऑलआउट कर दिया। प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार के नाम 3-3 विकेट रहे। डेब्यूटंट सारांश जैन ने 2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट झटके।
भारत ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की थी। उसे 213 रन की बढ़त मिली। ऐसे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका को फॉलोऑन के लिए खेलने के लिए कहा। फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। पसिंदु सूरियाबंदारा (92) और कामिंदु मेंडिस (55) ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर जुझारूपन दिखाया लेकिन यह जोड़ी टूटते ही श्रीलंकाई पारी बिखर गई। अब उसके लिए कोलंबो टेस्ट बचाना मुश्किल हो गया है।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स: 20 साल में दोगुने हुए मेडल, चीन-जापान के मुकाबले कहां खड़ा है भारत?
मानव सुथार ने दूसरी पारी में भी किया कमाल
युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने गॉल में खेले गए इस सीरीज के पहले टेस्ट में 10 विकेट लेकर टीम इंडिया को 165 रन से जीत दिलाई थी। सुथार का दूसरे टेस्ट में भी कमाल जारी है। उन्होंने इस मुकाबले में श्रीलंका की पहली पारी के दौरान 3 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में भी 2 विकेट हासिल कर लिए हैं। उन्होंने सूरियाबंदारा और श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा के बड़े विकेट चटकाए हैं।
मोहम्मद सिराज ने श्रीलंका को दूसरी पारी में पहला झटका दिया। सिराज ने लाहिरू कुमारा (3) को सारांश जैन के हाथों लपकवाया। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने कामिल मिशारा (32) को चलता किया। प्रसिद्ध कृष्णा और सारांश जैन भी 1-1 विकेट ले चुके हैं।
यह भी पढ़ें: टेस्ट रैंकिंग में बुमराह की बादशाहत खत्म, स्टार्क बने नंबर-1 गेंदबाज
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक सोनल दिनुशा और केशरा नुवांथा नाबाद बल्लेबाज हैं। बारिश के चलते खेल रोके जाने तक दोनों ने 85 गेंद में 11 रन की साझेदारी कर डाली थी। टीम इंडिया मुकाबले के आखिरी दिन (27 अगस्त) श्रीलंका के बाकी बचे 4 विकेट जल्दी चटकाकर छोटे लक्ष्य का पीछा करना चाहेगी, क्योंकि बारिश का कोई भरोसा नहीं है। भारत यह मुकाबला जीत जाता है, तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में चौथे पायदान पर पहुंच जाएगा।
