साउथ अफ्रीका से मिली 76 रन की करारी शिकस्त के बाद भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को जमकर कूटा। गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड ने इस आमंत्रण को दोनों हाथों से स्वीकार करते हए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी टीम का दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। श्रीलंका के 260/6 को रिकॉर्ड को तोड़ने से भारतीय टीम महज 5 रन से चूक गई।
टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या ने आतिशी अर्धशतकीय पारियां खेली। अभिषेक ने फॉर्म में वापसी करते हुए 30 गेंद में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। हार्दिक ने 23 में नाबाद 50 रन ठोके, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उन्होंने पारी की आखिरी दो गेंदों को छक्के के लिए भेज अपना अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा ने सिर्फ 16 गेंद में नाबाद 44 रन ठोके। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 4 छक्के निकले।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका की जीत से टीम इंडिया की बल्ले-बल्ले, अब सेमीफाइनल दूर नहीं!
टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ ऐसा
अभिषेक-हार्दिक और तिलक के अलावा संजू सैमसन, ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी आतिशी पारियां खेलीं। रिंकू सिंह की जगह प्लेइंग-XI में शामिल किए गए संजू ने ओपनिंग करते हुए 15 गेंद में 24 रन बनाए। संजू के आने से ओपनिंग के बजाय नंबर-3 पर उतरे ईशान किशन ने 24 गेंद में 38 रन जड़े। वहीं सूर्या ने 13 गेंद में 33 रन बना दिए।
इस पारी में सभी 6 भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा का रहा। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब, एक ही पारी में किसी टीम के 6 बल्लेबाजों ने 150 प्लस स्ट्राइक रेट से 20 से ज्यादा रन बनाए।
यह भी पढ़ें: यह होता है कप्तान... बिखर गई थी कीवियों की पारी, फिर सैंटनर ने बल्ले से काटा गदर
भारत ने छक्कों का रिकॉर्ड बनाया
टीम इंडिया ने अपनी पारी में 17 छक्के उड़ाए। टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का छक्कों का यह नया रिकॉर्ड है। इससे पहले भारत ने एक मैच में सबसे ज्यादा 15 छक्के मारे थे। टीम इंडिया ने यह कारनामा पिछले एडिशन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था। भारतीय टीम ने चेपॉक में न सिर्फ इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, बल्कि वह टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई।
इसके अलावा टीम इंडिया ने अपना 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। भारतीय टीम ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए थे, जो इस टूर्नामेंट में उसका सबसे बड़ा स्कोर था। सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 18 ओवर में ही 220 रन के आंकड़े को छू कर इस कीर्तिमान को ध्वस्त कर दिया।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर
- 260/6 - श्रीलंका बनाम केन्या, जोहान्सबर्ग, 2007
- 256/4 - भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026
- 254/6 - वेस्ट इंडीज बनाम जिम्बाब्वे, वानखेड़े, 2026
- 235/5 - आयरलैंड बनाम ओमान, कोलंबो SSC, 2026
- 230/8 - इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका, वानखेड़े, 2016
- 229/4 - साउथरीका बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े 2016
