ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की डगर बेहद मुश्किल हो गई है। कहां टूर्नामेंट शुरू होने से पहले भारत को खिताब का प्रबल दावेदार बताया जा रहा था, अब यही टीम सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंचती दिख रही है। सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के हाथों रविवार को मिली 76 रन की हार से भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है। टीम इंडिया को बिना किसी परेशानी के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने तो हैं ही। साथ ही उसे दुआ करनी होगी कि साउथ अफ्रीका भी एक भी मैच नहीं हारे।

 

अगर साउथ अफ्रीकी टीम वेस्टइंडीज से हार जाती है तो भारतीय टीम का बोरिया बिस्तर बंध सकता है। यानी चीजें कुछ हद तक सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड के हाथों में नहीं हैं। टीम इंडिया गुरुवार (26 फरवरी) को जिम्बाब्वे से 'करो या मरो' वाले मुकाबले में टकराएगी। इस महत्वपूर्ण मैच से पहले बैटिंग कोच सिंताशु कोटक ने माना कि टीम इंडिया पर दबाव रहेगा लेकिन इसके साथ ही उन्होंने भरोसा भी जताया कि खिलाड़ी इससे निपटने में सफल रहेंगे।

 

यह भी पढ़ें: मैच से पहले आगा जी, टीम हारी तो बेटे को भी नहीं छोड़ा; पाक फैंस की घिनौनी करतूत

चैंपियन बनने के लिए क्या करना होगा?

सितांशु कोटक ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'वर्ल्ड कप भारत में खेला जा रहा है इसलिए दबाव और उम्मीद होना स्वाभाविक है। मेरा मानना है कि आप कोई भी इंटरनेशनल मैच खेलें दबाव महसूस होता ही है। फिर यह तो निश्चित तौर पर बहुत दबाव वाला मैच है।' हालांकि उन्हें भारतीय खिलाड़ियों की मेंटल टफनेस पर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर हम यह टूर्नामेंट में जीतना चाहते हैं तो हमें दबाव से निपटना होगा।

 

सितांशु कोटक ने आगे बताया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पार्टनरशिप नहीं बनाने के कारण टीम हारी। उन्होंने कहा, 'मुझे सच में लगता है कि हम इसलिए एक मैच हार गए, क्योंकि हमने अच्छी साझेदारी नहीं निभाई। लोग इसके बारे में (दबाव के बारे में) ज्यादा बात करते हैं। मेरा मानना है कि हमारे खिलाड़ी दबाव से निपटने में सक्षम है। अगर हम वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं तो हमें दबाव से निपटना होगा।'

 

यह भी पढ़ें: 11 साल से फ्लॉप... अब रणजी फाइनल में ठोकी सेंचुरी, कौन हैं J&K के शुभम पुंडीर?

बैटिंग की रणनीति पर क्या बताया?

कोटक ने कहा कि भारत टूर्नामेंट में आगे भी आक्रामक बल्लेबाजी की अपनी रणनीति पर कायम रहेगा। उन्होंने कहा, 'निश्चित तौर पर हम उसी तरह की क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। मुझे लगता है कि हमें बहुत पॉजिटिव रहना होगा और उसी तरह की क्रिकेट खेलनी होगी, जिसने हमें सफलता दिलाई है। हम उसी तरह से खेलेंगे। हमारे रवैये में कोई बदलाव नहीं होगा।'