इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) को 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा का बल्ला इस सीजन खामोश है। हिटमैन इस बार प्लेइंग इलेवन में रेगुलर प्लेयर के तौर पर भी जगह नहीं बना पा रहे हैं। रोहित को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलना पड़ रहा है। रोहित का बल्ला भले ही कोई कमाल न कर पा रहा हो लेकिन उनका चैंपियन वाला अनुभव काम कर रहा है। उन्होंने साबित किया कि क्यों MI को उनकी जरूरत है। ऐसा ही कुछ रविवार को खेले गए मैच के दौरान देखने को मिला जब रोहित ने डगआउट से ही कुछ ऐसा कहा जो टीम के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ।


रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में रोहित ने डगआउट में बैठे-बैठे एक मैसेज भिजवाया और सीजन में अब तक एक भी मैच न हारने वाली दिल्ली को हरा दिया। रोहित ने डगआउट से ही कर्ण शर्मा को गेंद बदलने के लिए कहा और यह इस मैच में मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। इसके बाद पूरा मैच ही पलट गया और मुबई इंडियंस ने अब तक न हारने वाली दिल्ली को भी हरा दिया। 

18 रन ही बना पाए रोहित 

 

रोहित शर्मा का इस मैच में भी खराब प्रदर्शन रहा। रोहित शर्मा पांचवे ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 12 गेंदों में कुल 18 रन बनाए। हालांकि, मुबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 205 रनों का बड़ा लक्ष्य दिल्ली कैपिटल्स को दिया। 

 

यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने तोड़ा PBKS का घमंड, SRH की ऐतिहासिक जीत

 

रोहित शर्मा की सलाह काम कर गई

 

मैच मुंबई के हाथ से फिसलता नजर आ रहा था। दिल्ली के लिए करुण नायर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 50 रन बना दिए थे। उन्होंने 40 गेंदों में 89 रन बनाकर मैच दिल्ली के पक्ष में झुका दिया था। 7 ओवर से अधिक का मैच अभी बाकी था और दिल्ली की जीत पक्की मानी जा रही थी। इस समय रोहित शर्मा ने डगआउट से एक सलाह ग्राउंड में भेजी और इस एक सलाह ने मुंबई की मुकाबले में मजबूत वापसी करवा दी। रोहित शर्मा ने ग्राउंड में हार्दिक पांड्या और बुमराह को गेंद बदलने के लिए कहा था। 

 

 

नए नियमों के अनुसार, दूसरी पारी में गेंदबाजी के दौरान 10 ओवर के बाद गेंद बदली जा सकती है। रोहित ने इसके साथ ही स्पिनर कर्ण को लाने का भी सुझाव टीम को दिया। गेंद बदलने के बाद कर्ण शर्मा ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट किया। इसके बाद कर्ण शर्मा ने केएल राहुल को भी आउट कर दिया और मुंबई इंडियंस की मैच में शानदार वापसी हो गई। यहां से गेम ही बदल गया और यह मुकाबला मुंबई इंडियंस ने 12 रन से अपने नाम किया। रोहित शर्मा का अनुभव इस मैच में भी मुंबई के काम आया। 

 

यह भी पढ़ें: MI ने DC के जबड़े से छीना मैच, बेकार गई करुण नायर की कमबैक पारी

 

दिल्ली को मिली सीजन की पहली हार

 
इस मुकाबले से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने 4 मैच खेले थे और चारों में जीत दर्ज की थी लेकिन अपने घर पर पहला मैच खेलने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई है। दिल्ली को इस सीजन में पहली हार रविवार को मुंबई इंडियंस के हाथों मिली है। इस मुकाबले में भी दिल्ली की जीत तय मानी जा रही थी लेकिन 13वें ओवर के बाद मैच दिल्ली के हाथ से फिसल गया। इस सीजन की मुंबई की यह सिर्फ दूसरी जीत है। मुंबई ने अब तक कुल 6 मैच खेले हैं जिनमें 4 मैच में हार चुकी है। वहीं, दिल्ली ने 5 मैच खेले हैं जिनमें 4 मैच में जीत दर्ज की है। 

 

दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के साथ होम ग्राउंड पर ही है। यहां देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली की टीम मुंबई इंडियंस से मिली इस हार से उभरकर अपने होम ग्राउंड में जीत दर्ज कर पाएगी।