इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अभियान का आगाज जबरदस्त अंदाज में किया था। उसने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराने के बाद मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीम को धूल चटा दी थी। इन दोनों मैचों में DC के गेंदबाजों ने कमाल दिखाया और फिर युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने अर्धशतक जड़ टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। DC के ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा था कि यह टीम काफी आगे तक जाएगी लेकिन इसके बाद वह लय से भटक गई। 

 

अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम अगले 10 में से सिर्फ 3 ही मैच जीत पाई और अब वह IPL 2026 से बाहर होने के मुहाने पर खड़ी है। DC के असिस्टेंट कोच इयान बेल ने शनिवार (16 मई) को बताया कि बैटिंग ऑर्डर में उठा पटक ने टीम का बेड़ा गर्क कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने माना कि केएल राहुल को दूसरे छोर से सपोर्ट की जरूरत है। राहुल ने इस सीजन में 12 मैचों में 477 रन बनाए हैं लेकिन बाकी बल्लेबाज निरंतर प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में ICC की मीटिंग, मोहसिन नकवी भारत आएंगे या नहीं? हो गया फैसला

बैटिंग ऑर्डर में बदलाव बनी समस्या

बेल ने बल्लेबाजों से अपील की है कि वे शानदार फॉर्म में चल रहे राहुल का साथ दें। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ DC के मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए बेल ने कहा, 'इस समय टॉप-4 टीमों को देखें तो उनकी बल्लेबाजी में काफी स्थिरता है। मुझे लगता है कि पिछले कुछ समय से बल्लेबाजी में स्थिरता की कमी एक ऐसी समस्या है, जिस पर हम काम कर रहे हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'केएल राहुल का यह साल भी शानदार रहा है। उन्होंने अपना स्ट्राइक रेट बढ़ाया है, जो कि बहुत से लोगों ने उनसे करने को कहा था लेकिन हमें अन्य खिलाड़ियों से भी बेहतर प्रदर्शन और अधिक स्थिरता की जरूरत है।'

 

यह भी पढ़ें: फिन एलन ने ईडन गार्डंस में मचाई तबाही, 10 छक्के ठोक गेल के क्लब में ली एंट्री

अक्षर के फ्लॉप शो पर क्या बोले बेल?

DC इस समय 12 मैचों में 10 पॉइंट्स के साथ टेबल में सातवें स्थान पर है और उसे प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने के अलावा दूसरी टीमों से मदद की जरूरत है। कप्तान अक्षर का बल्ले और गेंद दोनों से ही फीका प्रदर्शन टीम के लिए सबसे निराशाजनक रहा है लेकिन बेल को उम्मीद है कि यह ऑलराउंडर सीजन का समापन शानदार तरीके से करेगा।

 

बेल ने कहा, 'मुझे लगता है कि उनका साथ देना और उनके आसपास रहना बहुत जरूरी है। यह आसान नहीं है। वह न सिर्फ इस फ्रेंचाइजी के लिए, बल्कि टी20 क्रिकेट में भारत के लिए भी एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। जाहिर है, वह शायद किसी और से ज्यादा निराश हैं।'

 

इंग्लैंड के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, 'उम्मीद है कि वह शानदार अंत कर सकते हैं। हम जानते हैं कि वह अपने बेस्ट प्रदर्शन पर क्या कर सकते हैं और हमें इस दौरान उनका समर्थन करते रहना होगा।'