श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स (PBKS) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत में अपने प्रदर्शन से सभी को अचंभित कर दिया था। PBKS ने लगातार 6 मैच जीत लिए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मुकाबला धुलने से PBKS के पास 7 मैचों में 13 पॉइंट्स थे। उसका प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जा रहा था लेकिन फिर स्क्रिप्ट पूरी तरह से चेंज हो गई। PBKS ने एक के बाद एक 4 मुकाबले गंवा दिए।

 

गुरुवार (14 मई) को उम्मीद की जा रही थी कि PBKS धर्मशाला में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ जीत दर्ज कर वापसी करेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि MI काफी कमजोर हो गई है और वह प्लेऑफ की रेस से भी बाहर है लेकिन PBKS यह मैच भी हार गई। टीम ने पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर 8 विकेट के नुकसान पर 200 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसे MI ने तिलक वर्मा की विस्फोटक पारी (33 गेंद में नाबाद 75 रन) के दम पर 19.5 ओवर में चेज कर लिया। यह PBKS की लगातार पांचवीं हार रही। अब उसके ऊपर प्लेऑफ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: PBKS ने IPL में बनाया ऐसा रिकॉर्ड, जहां तक पहुंचने में हांफ जाएगी RCB-CSK!

IPL 2026 से बाहर होगी PBKS?

PBKS पॉइंट्स टेबल में अभी टॉप-4 में है। उसके पास 12 मैचों के बाद 13 पॉइंट्स हैं। उसे प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मुकाबले जीतने होंगे। PBKS अगर यहां से एक भी मैच हारती है, तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे। 

 

श्रेयस अय्यर ब्रिगेड MI के हाथों हार के बाद अब 17 पॉइंट्स तक ही पहुंच सकती है, जो टॉप-4 में फिनिश करने के लिए काफी नहीं हैं। अभी भी कम से कम ऐसी 4 टीमें हैं, जो 18 पॉइंट्स तक जा सकती हैं। PBKS को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ जीत दर्ज करने के अलावा ये भी दुआ करनी होगी कि बाकी के नतीजे भी उसके पक्ष में जाएं।

 

यह भी पढ़ें: IPL में अनकैप्ड जोड़ी ने बना दिए 1000 रन... प्रभसिमरन-प्रियांश ने रचा इतिहास

PBKS के लिए ऐसे बनेगी राह

अगर RCB और गुजरात टाइटंस (GT) अपने आखिरी दोनों मैच हार जाती है और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) यहां से एक ही मैच जीत पाती है तो PBKS की राह आसान हो जाएगी। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) दो से ज्यादा मैच नहीं जीतती है और राजस्थान रॉयल्स अपने बाकी बचे तीनों मैच हार जाती है, तो PBKS टॉप-2 में भी फिनिश कर सकती है।