इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 61वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने कहर बरपा दिया। रविवार (17 मई) को धर्मशाला में खेले गए दोपहर के मुकाबले में 223 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी PBKS को भुवनेश्वर ने दो बड़े झटके दिए। उन्होंने अपनी तीसरी ही गेंद पर प्रियांश आर्य (0) को रोमारियो शेफर्ड के हाथों लपकवाया और फिर अगले ओवर में प्रभसिमरन सिंह को चलता कर PBKS को बैकफुट पर धकेल दिया।

 

IPL 2026 में विकेट लेने के मामले में सबसे आगे चल रहे 36 साल के भुवनेश्वर ने PBKS के दोनों ओपनर्स के विकेट झटक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह 35 की उम्र के बाद किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने आशीष नेहरा और अनिल कुंबले जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा। नेहरा ने 2015 सीजन में 22 विकेट लिए थे, जबकि कुंबले ने 2009 में 21 विकेट अपने नाम किए थे। भुवनेश्वर मौजूदा सीजन में 24 विकेट चटका चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: सात्विक-चिराग को फाइनल में मिली हार, इंडोनिशियाई जोड़ी ने जीता थाईलैंड ओपन

भुवनेश्वर के निशाने पर ताहिर का रिकॉर्ड

IPL में 35 की उम्र के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड इमरान ताहिर के नाम है। इस साउथ अफ्रीकी लेग स्पिनर ने 2019 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए 26 विकेट झटके थे। भुवनेश्वर उनसे आगे निलकने से महज 3 कदम दूर हैं। खबर लिखे जाने तक भुनेश्वर ने PBKS की पारी में 2 ही ओवर डाले थे। वह अपना स्पेल पूरा करने तक ताहिर के रिकॉर्ड के और करीब पहुंच सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'हम जीतना डिजर्व नहीं करते थे...' KKR से मिली हार के बाद भड़के शुभमन गिल

35 की उम्र के बाद एक IPL सीजन में सबसे अधिक विकेट

  • इमरान ताहिर - 26 विकेट (2019)
  • भुवनेश्वर कुमार - 24 विकेट (2026)
  • आशीष नेहरा - 22 विकेट (2015)
  • ट्रेंट बोल्ट - 22 विकेट (2025)
  • अनिल कुंबले - 21 विकेट (2009)

प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी है RCB

मुकाबले में PBKS ने टॉस जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। RCB ने विराट कोहली (37 गेंद में 58 रन) और देवदत्त पडिक्कल (25 गेंद में 45 रन) की पारियों की बदौलत अच्छी शुरुआत की। इसके बाद वेंकटेश अय्यर (40 गेंद में नाबाद 73 रन) और टिम डेविड (12 गेंद में नाबाद 28 रन) ने आतिशी बल्लेबाजी कर टीम को 222 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी PBKS को भुवनेश्वर ने दोहरे झटके दिए। भुवनेश्वर के बाद रसिख सलाम डार और रोमारियो शेफर्ड ने PBKS की मुश्किलें बढ़ाईं। 

 

PBKS 223 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 9 ओवर में 4 विकेट खोकर 80 रन ही बना सकी है। उस पर लगातार छठा मैच गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। RCB जीतती है तो वह प्लेऑफ में एंट्री लेने के साथ टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर लेगी।