logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सात्विक-चिराग को फाइनल में मिली हार, इंडोनिशियाई जोड़ी ने जीता थाईलैंड ओपन

भारत के सात्विक-चिराग ने थाईलैंड ओपन के फाइनल में 4 चैंपियनशिप पॉइंट्स बचाए लेकिन वे खिताब नहीं जीत पाए। इंडोनिशियाई जोड़ी ने 53 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

satwik chirag

सात्विक-चिराग, Photo Credit: PTI

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय जोड़ी ने रविवार (17 मई) को फाइनल में चार चैंपियनशिप पॉइंट्स बचाए लेकिन आखिर में उन्हें थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग को इंडोनेशिया के लियो रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन से 53 मिनट तक चले मैच में 12-21 23-25 ​​से हार का सामना करना पड़ा। 

 

सात्विक और चिराग ने इससे पहले 2019 और 2024 था में खिताब जीता था। वे पहले गेम में लय से बाहर दिखे लेकिन दूसरे गेम में दबाव में अपनी मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए मैच को निर्णायक गेम तक ले जाने के करीब पहुंच गए थे। भारतीय जोड़ी पिछले साल चाइना मास्टर्स और हांगकांग ओपन में भी उपविजेता रही थी। यह सात्विक और चिराग के खिलाफ इंडोनेशियाई जोड़ी की पहली जीत भी है। इससे पहले इन दोनों जोड़ियों के बीच खेले गए सभी चार मैच भारतीय जोड़ी ने जीते थे।

 

यह भी पढ़ें: धर्मशाला में पंजाब किंग्स ने चुनी बॉलिंग, RCB की कप्तानी कर रहे जितेश शर्मा

इंडोनेशियाई जोड़ी ने दिखाया आक्रामक खेल

सात्विक ने स्वीकार किया कि पहले गेम में पिछड़ने के बाद भारतीय जोड़ी को तेज शटल और इंडोनेशिया की आक्रामक खेल शैली के अनुकूल होने में समय लगा। सात्विक ने कहा, 'प्रतियोगिता के बाकी मैच की तुलना में आज शटल काफी तेजी से आ रही थी और उससे तालमेल बिठाना आसान नहीं था।' चिराग को शुरुआत में अपनी सर्विस में संघर्ष करना पड़ा, जिससे भारतीय टीम 1-4 से पिछड़ गई और फिर स्कोर 7-9 हो गया।

 

इसके बाद लियो और डेनियल ने चार पॉइंट्स की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ियों की गलतियों का फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जोड़ी 17-12 से आगे हो गई। इसके बाद उसे आठ गेम पॉइंट्स मिले। सात्विक ने एक रिटर्न को नेट में उलझा दिया जिससे लियो और डेनियल ने पहला गेम अपने नाम कर दिया। 

 

यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में ICC की मीटिंग, मोहसिन नकवी भारत आएंगे या नहीं? हो गया फैसला

दूसरे गेम में हुई जोरदार टक्कर

दूसरे गेम में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। डेनियल के आक्रामक स्मैश से इंडोनेशियाई टीम 5-3 से आगे हो गई। एक शानदार सर्व की बदौलत भारतीय टीम 5-5 की बराबरी पर वापसी करने में कामयाब रही और इसके बाद उसने 7-5 से मैच में पहली बार बढ़त बना ली। इंडोनेशियाई टीम ने स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया लेकिन चिराग के एक शानदार शॉट और विरोधी खिलाड़ियों के एक गलत रिटर्न ने भारतीय जोड़ी को इंटरवल तक दो पॉइंट्स की बढ़त दिला दी। 

 

खेल दोबारा शुरू होने पर इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने स्कोर को फिर से 11-11 कर दिया। इसके बाद स्कोर 14-14 से 19-19 पर बराबरी पर था। इंडोनेशिया की टीम ने इसके बाद अपना पहला चैंपियनशिप पॉइंट्स हासिल किया। सात्विक और चिराग ने इसे बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद तीन और चैंपियनशिप पॉइंट्स बचाए लेकिन लियो और डेनियल पांचवें चैंपियनशिप पॉइंट्स पर खिताब जीतने में सफल रहे। चिराग ने कहा कि थॉमस कप अभियान के बाद से दोनों खिलाड़ियों का आत्मविश्वास लगातार बढ़ा है। थॉमस कप में उन्होंने कांस्य पदक जीता था।


और पढ़ें