इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गुजरात टाइटंस को 29 रन से हरा दिया। KKR ने पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाए जाने पर 247/2 का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में GT 4 विकेट खोकर 218 रन ही बना सकी। KKR ने GT की खराब फील्डिंग का फायदा उठाते हुए जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। हार के बाद GT के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि कई कैच छोड़ना टीम को भारी पड़ा।
हार के बाद भड़के गिल
गिल ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि 3 कैच छोड़ने के बाद हम जीतना डिजर्व नहीं करते थे। उन्होंने कहा, 'विकेट को देखते हुए 200 से 210 रन का स्कोर पार स्कोर लग रहा था। हमने कई सारे कैच छोड़े और गेंदबाजों के लिए भी यह आसान नहीं था। पिच अच्छी थी। कुछ गेंदें रुककर आ रही थीं। मुझे लगता है कि हम जहां तक पहुंचे, वह बेहतरीन प्रयास था।। चिंता की कोई बात नहीं है लेकिन हमारी फील्डिंग और बेहतर हो सकती थी। 3 आसान कैच छोड़ने के बाद मुझे नहीं लगता कि हम यह मैच जीतने के हकदार थे।'
यह भी पढ़ें: सचिन-कोहली के बराबर पहुंचे शुभमन गिल, इस IPL सीजन भी पार किया 500 रन का आंकड़ा
GT का टॉप-2 में रहना हुआ मुश्किल
गिल ने शनिवार (16 मई) को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। KKR ने तेज शुरुआत की लेकिन उसके कप्तान अजिंक्य रहाणे पांचवें ओवर में ही आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद सिराज ने क्लीन बोल्ड किया। रहाणे 14 गेंद में 14 रन ही बना सके। हालांकि दूसरे छोर से फिन एलन लगातार बड़े शॉट खेल रहे थे। इस बीच जेसन होल्डर ने उन्हें कवर पर जीवनदान दिया।
पावरप्ले के बाद एलन को एक और जीवनदान मिला। होल्डर की गेंद पर सिराज ने आसान कैच टपका दिया। एलन ने यहां से रौद्र रूप अपनाया और 35 गेंद में 4 चौके और 10 छक्के उड़ाते हुए 93 रन ठोक मजबूत स्कोर की नींव रख दी। अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंद में नाबाद 82 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्हें भी एक जीवनदान मिला था। अंगकृष का कैच अरशद खान ने टपकाया। कैमरन ग्रीन ने 28 गेंद में नाबाद 52 बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 4 छक्के निकले।
यह भी पढ़ें: KKR ने रोका गुजरात टाइटंस का विजयरथ, प्लेऑफ का समीकरण उलझा
अंगकृष और ग्रीन के बीच 108 रन की अटूट साझेदारी की, जिससे KKR ने GT को मुश्किल टारगेट दिया। रन चेज में गिल ने 49 गेंद में 5 चौके और 7 छक्के की मदद से 85 रन की पारी खेली लेकिन GT लक्ष्य से दूर रह गई। अब उसका टॉप-2 में फिनिश करना मुश्किल हो गया है।