गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने 16 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 49 गेंद में 85 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि गिल की यह पारी GT के काम नहीं आ सकी और वह 248 के विशाल चेज में 29 रन पीछे रह गई। ईडन गार्डंस स्टेडियम में गिल जब तक क्रीज पर थे, तब तक GT की उम्मीदें जिंदा थीं। 17वें ओवर में उनके आउट होते ही GT की हार सुनश्चित हो गई। गिल की पारी भले ही बेकार चली गई लेकिन इस दौरान उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
गिल लगातार दो IPL सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें कप्तान बने। साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। सचिन ने 2010 और 2011 सीजन, जबकि कोहली ने 2015 और 2016 सीजन में यह कारनामा किया था। गिल ने मौजूदा सीजन में 552 रन बटोर लिए हैं, वहीं पिछले साल उनके बल्ले से 650 रन निकले थे।
बतौर कप्तान लगातार 3 IPL सीजन में 500 प्लस रन बनाने का कारनामा दो खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर और केएल राहुल ने किया है। वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए 2015, 2016 और 2017 सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। वहीं केएल राहुल ने 2020 और 2021 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान संभाली और 500 प्लस रन बनाकर वॉर्नर की बराबरी कर ली।
यह भी पढ़ें: KKR ने रोका गुजरात टाइटंस का विजयरथ, प्लेऑफ का समीकरण उलझा
लगातार IPL सीजन में 500 प्लस रन बनाने वाले कप्तान
- डेविड वॉर्नर - 3 लगातार IPL सीजन (2015, 2016, 2017)
- केएल राहुल - 3 लगातार IPL सीजन (2020, 2021, 2022)
- सचिन तेंदुलकर - 2 लगातार IPL सीजन (2010, 2011)
- विराट कोहली - 2 लगातार IPL सीजन (2015, 2016)
- शुभमन गिल - 2 लगातार IPL सीजन (2025, 2026)
गिल का KKR के खिलाफ फिर चला बल्ला
विशाल रन चेज में गिल ने पावरप्ले में संभलकर बल्लेबाजी की। इस फेज में उन्होंने सिर्फ 1 चौका और 1 छक्का लगाया। फील्ड खुलते ही उन्होंने सुनील नारायण को राडार पर लिया और 3 गेंद के अंदर 2 छक्के जड़े। इसके बाद गिल ने 9वें ओवर में अनुकूल रॉय के खिलाफ छक्का जड़कर IPL 2026 में 500 रन के आंकड़े को पार किया। अगली गेंद को भी गिल ने छक्के के लिए भेजा। इस ओवर की समाप्ति उन्होंने बाउंड्री के साथ की।
गिल ने 33 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। KKR के खिलाफ उनका यह लगातार तीसरा अर्धशतक रहा। ऐसा करने वाले वह छठे बल्लेबाज बने। उनसे पहले सुरेश रैना (2016-17), केएल राहुल (2016-18), विराट कोहली (2018-19), एबी डिविलियर्स (2019-21) और क्विंटन डिकॉक (2021-22) ने KKR के खिलाफ लगातार तीन पचासा जमाए थे। गिल ने अर्धशतक लगाने के बाद गियर बदला लेकिन नारायण ने उनका विकेट लेकर GT की हार तय कर दी।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में ICC की मीटिंग, मोहसिन नकवी भारत आएंगे या नहीं? हो गया फैसला
IPL में KKR के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर
- 3 - सुरेश रैना (2016-17)
- 3 - केएल राहुल (2016-18)
- 3 - विराट कोहली (2018-19)
- 3 - एबी डी विलियर्स (2019-21)
- 3 - क्विंटन डी कॉक (2021-22)
- 3 - शुभमन गिल (2025-26)