इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में नाबाद 99 रन की मैच विजयी पारी खेली। रूट की यह पारी उस समय आई, जब 234 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम ने 125 रन पर 5 विकेट खो दिए थे। रूट ने पहले विल जैक्स (30) के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी को संभाला और फिर गस एटकिंसन के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। 

 

रूट अपना 21वां वनडे शतक पूरा कर सकते थे लेकिन उन्होंने एटकिंसन से कहा कि जल्दी मैच खत्म करो। 45वां ओवर शुरू होने से पहले रूट शतक पूरा करने से 1 रन दूर थे। इंग्लैंड को 36 गेंद में जीत के लिए 4 रन बनाने थे और उसके पास 4 विकेट बचे थे। ऐसे में कोई जल्दबाजी नहीं थी। रूट अपना शतक पूरा कर सकते थे लेकिन उन्होंने एटकिंसन से स्ट्राइक देने के बजाए साफ कहा कि जितना जल्दी हो सके टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दो। 

 

एटकिंसन ने वही किया। पहली गेंद वाइड होने के बाद उन्होंने विजयी चौका जड़ दिया। रूट 99 पर नाबाद लौटे। वह वनडे में इस स्कोर पर नाबाद रहने वाले पहले अंग्रेज बल्लेबाज बने। रूट ने अपनी इस यादगार पारी से इंग्लैंड को सीरीज में 1-1 की बराबरी दिलाई और साथ ही उन्होंने सफल रन चेज में सबसे बेहतरीन औसत के मामले में विराट कोहली को पछाड़ दिया है।

 

यह भी पढ़ें: जो रूट के अलावा ODI में और कौन-कौन रहा है 99 पर नाबाद? ये है पूरी लिस्ट

कोहली से आगे निकले रूट

वनडे में सफल रन चेज में कम से कम 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतरीन औसत पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का है। धोनी ने जीते हुए वनडे मैचों में 102.71 के औसत से 2876 रन बनाए। रूट ने सफल रन चेज में 2473 रन बनाए हैं। उनका औसत 91.59 का हो गया है। वह कोहली से आगे निकल गए हैं। कोहली का जीते हुए वनडे मैचों में औसत 89.07 का है। हालांकि गौर करने वाली बात ये है कि कोहली ने सफल रन चेज में 6235 रन बनाए हैं। 

 

यह भी पढ़ें: वजन बढ़ने के बावजूद टीम में आ गए हर्षित राणा, चोटिल होने के बाद चयन पर उठे सवाल

ODI में सफल रन चेज में सबसे ज्यादा औसत (कम से कम 2000 रन)

  • महेंद्र सिंह धोनी - 102.71 का औसत
  • जो रूट - 91.59 का औसत
  • विराट कोहली - 89.07 का औसत
  • एबी डिविलियर्स - 82.77 का औसत
  • माइकल क्लार्क - 73.86 का औसत