भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ में खेला गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर टीम इंडिया 44 ओवर में 233 रन पर सिमट गई थी।
विराट कोहली
ने 65 रन, जबकि श्रेयस अय्यर ने 66 रन बनाए। कप्तान
शुभमन गिल
ने 31 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका, जिससे भारतीय टीम इंग्लैंड के सामने बड़ा टारगेट नहीं रख सकी।
जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। उसने दोनों ओपनर्स को 8 रन पर ही खो दिए। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटके और इंग्लैंड की आधी पारी 125 पर समेट दी। टीम इंडिया जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन जो रूट खड़े हो गए। रूट ने एक छोर से मोर्चा संभाला और लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों के साथ मिलकर इंग्लैंड को जीत दिला दी।
यह भी पढ़ें: वजन बढ़ने के बावजूद टीम में आ गए हर्षित राणा, चोटिल होने के बाद चयन पर उठे सवाल
शतक पूरा नहीं कर पाए रूट
35 साल के रूट ने विल जैक्स (30) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड की लड़खड़ाती पारी को संभाला। इसके बाद उन्होंने गस एटकिंसन के साथ सातवें विकेट के लिए नाबाद 38 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। हालांकि रूट अपना 20वां वनडे शतक पूरा नहीं कर पाए।
इंग्लैंड को जब जीत के लिए 6 ओवर में महज 4 रन चाहिए थे, उस समय रूट 99 रन पर नाबाद थे। 45वें ओवर में एटकिंसन स्ट्राइक पर थे। प्रसिद्ध कृष्णा ने इस ओवर की पहली गेंद वाइड डाली। अब इंग्लैंड को सिर्फ 3 रन बनाने थे। एटकिंसन सिंगल लेकर रूट को स्ट्राइक पर ला सकते थे, ताकि वह अपना 21वां वनडे शतक पूरा सकें लेकिन उन्होंने चौका जड़ दिया। रूट 99 पर ही नाबाद रह गए। वह वनडे में इस स्कोर पर नॉटआउट रहने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बने। इससे पहले वनडे में 16 बल्लेबाज 99 पर नाबाद लौटे थे, जिसमें भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग का भी नाम शामिल है। यहां देखिए पूरी लिस्ट।
यह भी पढ़ें: KL राहुल इंजर्ड, ईशान किशन IN, दूसरे वनडे में टीम इंडिया की पहले बैटिंग
वनडे में 99 रन पर नाबाद रहने वाले बल्लेबाज
- ब्रूस एडगर (न्यूजीलैंड) - बनाम भारत, 1981
- डीन जोन्स (ऑस्ट्रेलिया) - बनाम श्रीलंका, 1985
- रिची रिचर्ड्सन (वेस्टइंडीज) - बनाम पाकिस्तान, 1985
- एंडी फ्लावर (जिम्बाब्वे) - बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1999
- एलेस्टेयर कैम्पबेल (जिम्बाब्वे) - बनाम न्यूजीलैंड, 2000
- रामनरेश सरवन (वेस्टइंडीज) - बनाम भारत, 2002
- ब्रैंड हॉज (ऑस्ट्रेलिया) - बनाम न्यूजीलैंड, 2007
- मोहम्मद यूसुफ (पाकिस्तान) - बनाम भारत, 2007
- माइकल क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया) - बनाम इंग्लैंड, 2010
- वीरेंद्र सहवाग (भारत) - बनाम श्रीलंका, 2010
- मैल्कम वॉलर (जिम्बाब्वे) - बनाम न्यूजीलैंड, 2011
- कैलम मैकलियोड (स्कॉटलैंड) - बनाम कनाडा, 2012
- स्वप्निल पाटिल (UAE) - बनाम स्कॉटलैंड, 2014
- जेसन होल्डर (वेस्टइंडीज) - बनाम पापुआ न्यू गिनी, 2018
- एविन लुईस (वेस्टइंडीज) - बनाम आयरलैंड, 2020
- मिचेल हे (न्यूजीलैंड) - बनाम पाकिस्तान, 2025
- जो रूट (इंग्लैंड) - बनाम भारत, 2026