इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अब तक सबसे खराब प्रदर्शन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का रहा है। कई बार की चैंपियन KKR को अगर अपना पहला मैच जीतना है तो उसे फॉर्म में लौट चुकी गुजरात टाइटंस (GT) को हराना होगा। अब तक अपने पांच में चार मैच हारने वाली KKR 10वें नंबर पर है। वहीं, गुजरात टाइटंस ने अपने आखिरी दो मैच जीतकर खुद को रेस में बनाए रखा है। कई समस्याओं से जूझ रही KKR को यह मैच गुजरात के घर में खेलना है, ऐसे में उसके लिए यह मैच आसान तो बिल्कुल भी नहीं होने वाला है।

 

KKR के खराब प्रदर्शन का असर यह हुआ है कि उसके कप्तान अजिंक्य रहाणे तक पर उंगलियां उठने लगी हैं। बात चाहे रनों के टारगेट का पीछा करने की हो या फिर अपने बनाए रनों को डिफेंड करना हो, KKR को हर मामले में हार मिली है। अब तक के पांच में चार मैच में नतीजे आए हैं। इनमें से दो मैच में चेज करके KKR को हार मिली है और दो मैच में वह अपने बनाए रनों को भी नहीं बचा पाई। 

हर मामले में फिसड्डी साबित हो रही KKR

KKR ने दो मैच में पहले बैटिंग की। मुंबई इंडियंस के खिलाफ केकेआर ने 4 विकेट खोकर 220 रन बनाए थे लेकिन उसके गेंदबाज इस लक्ष्य को भी डिफेंड नहीं कर सके। वहीं, लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ केकेआर ने 181 रन बनाए लेकिन गेंदबाजी इतनी फीकी रही के लखनऊ की टीम ने यह टारगेट भी हासिल कर लिया। 

 

यह भी पढ़ें: ट्रेड किए गए खिलाड़ियों का कैसा रहा प्रदर्शन? देखें 24 मैचों का रिपोर्ट कार्ड

 

जिन मैचों में विपक्षी टीम ने पहले बैटिंग की है उनमें तो केकेआर के गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई। सनराइजर्स की टीम ने केकेआर के सामने 226 रन बना डाले थे और केकेआर की टीम सिर्फ 161 रन बनाकर 16 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। चेन्नई सुपरकिंग्स ने केकेआर के खिलाफ 192 रन बनाए थे और केकेआर की टीम सिर्फ 160 रन ही बना पाई।

 

रन बनाने के मामले में देखें तो 4 मैच खेलने के बावजूद टॉप 10 में केकेआर के इकलौते बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी हैं। गेंदबाजी में टॉप 10 में सिर्फ वैभव अरोड़ा हैं और उन्हें भी 4 मैच में 6 विकेट ही मिले हैं। 4 मैच में गेंदबाजी करके KKR के गेंदबाज विपक्षी टीम के 24 बल्लेबाजों को ही आउट कर पाए हैं।

GT लगाएगी हैट्रिक?

शुरुआती दो मैच हारने के बाद गुजरात टाइटंस की टीम अब पटरी पर लौटती दिख रही है। उसके कप्तान शुभमन गिल के वापस आते ही उसे जीत की खुराक मिली है और पिछले दोनों मैच में उसने जीत हासिल की है। शुभमन गिल ने तीन मैच ही खेले हैं लेकिन 165 रन बना चुके हैं। गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल के अलावा जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं गेंदबाजी में तो प्रसिद्ध कृष्णा सबसे आगे हैं। ऐसे में गुजरात का दावा अपने घर में बेहद मजबूत माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 में अगला मैच कब खेलेंगे रोहित शर्मा? जानिए हार्दिक पांड्या का जवाब

कहां देख सकते हैं मैच?

 

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच 7:30 बजे शुरू होगा और टॉस 7 बजे हो जाएगा। अगर आप टीवी पर मैच देखना चाहते हैं तो आपको स्टार स्पोर्ट्स के चैनल लगाने होंगे। अगर आप अपने मोबाइल या लैपटॉप पर ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं तो जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसे लाइव स्ट्रीम कर सकते हैं। 

 

अगर आप जियो यूजर हैं तो हो सकता है कि आपके फोन में हॉटस्टार का प्री सब्सक्रिप्शन आपके रिचार्ज से मिला हो। अगर नहीं है तो आप किसी भी सस्ते डेटा पैक से इसका लाभ ले सकते हैं। एयरटेल और वोडाफोन में भी कई ऐसे ऑफर हैं, जिनमें फ्री में हॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन मिलता है।