ICC ने पाकिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज पर एंटी-डोपिंग उल्लंघन मामले में तीन महीने के लिए बैन कर दिया है। ICC ने कहा है कि नवाज पर बैन 1 मई, 2026 से लागू माना जाएगा। इसी दिन से उन्होंने प्रोविजनल सस्पेंशन शुरू किया था। नवाज ने सजा स्वीकार कर ली है।
इस साल टी20 वर्ल्ड कप के दौरान नवाज का डोप टेस्ट हुआ था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटीव आई थी। जांच रिपोर्ट में कार्बोक्सी-टीएचसी (Carboxy-THC) नामक प्रतिबंधित पदार्थ मिला, जिसे ICC की एंटी-डोपिंग संहिता के तहत नशीले पदार्थ के कैटेगरी में रखा गया है।
अप्रैल में ही खबरें आई थीं कि नवाज डोपिंग में फंस गए हैं और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) मामले की जांच कर रहा है। जांच बैठने के कारण नवाज का इंग्लैंड में होने वाले टी20 ब्लास्ट के लिए सरे के साथ डील रद्द हो गया था। टी20 ब्लास्ट के लिए नवाज को PCB से NOC मिल गया था लेकिन डोपिंग में फंसने के बाद वग इंग्लैंड नहीं जा सके।
यह भी पढ़ें: न बल्ला चल रहा, न उम्र का साथ... रोहित शर्मा को क्यों संन्यास ले लेना चाहिए?
बैन के साथ नवाज के रिकॉर्ड्स भी रद्द
वर्ल्ड क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने अपने बयान में कहा कि नवाज ने अपनी गलती मान ली है और साबित किया कि उन्होंने उस पदार्थ का इस्तेमाल टी20 वर्ल्ड कप के दौरान नहीं किया था। इसके अलावा नवाज ने यह भी स्वीकार किया कि उस प्रतिबंधित पदार्थ का इस्तेमाल का खेल के प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं था।
32 साल के नवाज 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच के बाद डोप टेस्ट से गुजरे थे। ICC ने इस मैच से लेकर 1 मई तक खेले गए सभी मैचों से नवाज के व्यक्तिगत रिकॉर्ड रद्द कर दिए हैं। यानी इस अवधि के दौरान उनके प्रदर्शन को आधिकारिक रिकॉर्ड में मान्यता नहीं मिलेगी।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप: कब होगी क्लोजिंग सेरेमनी, कौन करेगा परफॉर्म? पढ़ें पूरी डिटेल
एक महीने तक घट सकती है सजा
नवाज सजा स्वीकार करने के साथ ही नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़े इलाज के प्रोग्राम के लिए सहमत हो गए हैं, जिससे उनका प्रोविजनल सस्पेंशन हटा लिया गया है, जो 1 मई से शुरू हुआ था। हालांकि उनका ढाई महीने का प्रोविजनल सस्पेंशन पहले ही खत्म हो चुका है। रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा करने पर नवाज की सजा घटकर एक महीने रह जाएगी।
