रोहित शर्मा
रविवार (19 जुलाई) को टीम इंडिया की जर्सी में आखिरी बार दिख सकते हैं। इस दिन भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाना है, जो रोहित का आखिरी इंटनरेशनल मैच हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित को सेलेक्शन कमिटी ने बता दिया है कि इंग्लैंड सीरीज के बाद उनकी जगह युवाओं को मौका दिया जाएगा।
अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमिटी ने हाल ही में रोहित के साथ-साथ हेड कोच गौतम गंभीर से भी बात की है। सेलेक्शन कमिटी अब
यशस्वी जायसवाल
जैसे युवा ओपनरों को आजमाना चाहती है। साथ ही उन्होंने रोहित को यह भी जानकारी दे दी है कि वह 2027 वर्ल्ड कप प्लान्स का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि रोहित इस फैसले से खुश नहीं हैं।
रोहित हर हाल में अगला वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। उन्होंने इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही BCCI के कुछ अधिकारियों से बात भी की है। 39 साल के हो चुके रोहित ने हालिया समय में अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है, जिससे वह वनडे वर्ल्ड कप जीतने के अपने सपने को पूरा कर सकें लेकिन शायद अब उन्हें रुकना पड़ सकता है। वह उम्र के जिस पड़ाव में हैं, वहां से उनका दूर तक जाना मुश्किल है।
यह भी पढ़ें: 'लॉर्ड्स में...' रोहित के संन्यास की खबरों के बीच टीम इंडिया के कोच ने क्या कहा?
वर्ल्ड कप तक 41वें साल में प्रवेश कर जाएंगे रोहित
अहमदाबाद में 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल हारने के बाद रोहित फूट-फूटकर रोए थे। वह क्रिकेट में सब कुछ जीत चुके हैं। बस वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी उनके हाथ नहीं लगा है। रोहित इस ट्रॉफी को जीतकर विदा होना चाहते हैं लेकिन अब उम्र उनके साथ नहीं है। अगला वनडे वर्ल्ड कप 2027 के अंत में होना है। उस समय तक रोहित 41 साल की उम्र में प्रवेश कर चुके होंगे। उम्र के इस पड़ाव में किसी खिलाड़ी का भारत जैसी टीम के लिए वर्ल्ड कप खेलने की संभावना बेहद कम है।
इस साल बल्ले से नहीं आ रहे रन
रोहित इस साल 8 वनडे पारियों में 30.12 की औसत से 241 रन ही बना पाए हैं। उनके स्ट्राइक रेट में भी गिरावट आई है। वह महज 88.60 के स्ट्राइक रेट से ही रन बना पा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में उन्होंने 21 गेंद में 11 रन और 47 गेंद में 26 रन की पारियां खेली हैं। वह क्रीज पर कभी भी सहज नहीं दिखे हैं और ऐसा लग रहा है कि उन्होंने अपना पुराना टच खो दिया है। बता दें कि इस साल उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक निकला है।
यह भी पढ़ें: 'दिन में 10 बार बात करते हैं,' कोटक ने कोहली-गंभीर के बीच अनबन को बताया अफवाह
साउथ अफ्रीका में नहीं चल पाते हैं रोहितआगामी वर्ल्ड कप का आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होना है। टीम इंडिया अपने ज्यादातर मैच साउथ अफ्रीका में खेलेगी, जहां रोहित का वनडे रिकॉर्ड बेहद खराब है। वह साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर 13 वनडे पारियों में 19.69 की औसत और 68.44 के स्ट्राइक रेट से 256 रन ही जोड़ पाए हैं। इनमें से भी 115 रन उन्होंने एक ही पारी में बनाए थे।