ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में बल्लेबाजों ने गदर काट रखा है। इस सप्ताह दो बार टीमों ने 250 प्लस स्कोर खड़ा किया है। वेस्टइंडीज ने 23 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए थे, जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था। इसके तीन दिन बाद ही भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में 4 विकेट खोकर 256 रन कूट दिए। टीम इंडिया के जिस भी खिलाड़ी को बैटिंग मिली, उसने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की तबीयत से धुनाई की।

 

भारतीय टीम की ओर से अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या ने अर्धशतकीय पारियां खेली। वहीं संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने भी आतिशी बल्लेबाजी की। इस दौरान ईशान और सूर्या ने टूर्नामेंट में अपने 200 रन भी पूरे किए। ईशान अब तक 214 रन, जबकि सूर्या 213 रन बना चुके हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब आ गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान का सेमीफाइनल दांव पर, कीवी टीम को क्यों सपोर्ट कर रहे हैं भारतीय फैंस?

क्या टूटेगा कोहली का रिकॉर्ड?

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के नाम टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। कोहली ने 2014 में 319 रन जड़े थे। उनका यह रिकॉर्ड 12 साल से अछूता है लेकिन इस बार टूटता दिख रहा है। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान उनके रिकॉर्ड को तोड़ने के सबसे नजदीक हैं। फरहान इस टी20 वर्ल्ड कप में 283 रन बना चुके हैं। उन्हें कोहली से आगे निकलने के लिए 37 रन की जरूरत है। 

 

पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में कम से कम एक मैच खेलने वाला है। ऐसे में देखना दिलचस्प है कि फरहान यह कारनामा कर पाते हैं या नहीं। अगर वह चूक जाते हैं तो एडन मारक्रम तो शायद ही छोड़ेंगे। साउथ अफ्रीकी कप्तान मारक्रम के बल्ले से 264 रन निकले हैं। अभी उनके पास कम से कम 2 मैच है। साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में जगह बना चुका है। साथ ही अभी उसका आखिरी सुपर-8 मैच भी बाकी है। मारक्रम को कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए इन दो मैचों में 56 रन बनाने होंगे।   

 

यह भी पढ़ें: मैच है इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच, पाकिस्तान की इसमें क्या दाल गलने वाली है?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन

  • साहिबजादा फरहान - 283 रन
  • ब्रायन बेनेट - 277 रन
  • एडन मारक्रम - 264 रन
  • शिमरोन हेटमायर - 221 रन
  • ईशान किशन - 214 रन
  • सूर्यकुमार यादव - 213 रन
  • पथुम निसांका - 208 रन
  • हैरी ब्रूक - 202 रन

टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन

  • विराट कोहली - 319 रन (2014)
  • तिलकरत्ने दिलशान - 317 रन (2009)
  • बाबर आजम - 303 रन (2021)
  • माहेला जयवर्धने - 302 रन (2010)