शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में मंगलवार (8 सितंबर) को नमन धीर ने गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। अमृतसर सूरमाज के लिए खेलते हुए धीर ने मोहाली किंग्स के खिलाफ 63 गेंद में 270.31 के स्ट्राइक रेट से 173 रन ठोक दिए। IPL में मुंबई इंडियंस के खेलने वाले इस बल्लेबाज ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाया। 

 

अमृतसर सूरमाज की पारी के आखिरी ओवर में आउट होने से पहले धीर ने 16 चौके और 12 छक्के मारे। उनकी इस आतिशी पारी की बदौलत अमृतसर सूरमाज ने निर्धारित 20 ओवर में 279 रन का स्कोर खड़ा किया , जो लीग के इतिहास में सबसे बड़ा टोटल रहा। धीर के अलावा जशनप्रीत सिंह ने 25 गेंद में 41 रन बनाए। स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 4 गेंद में 2 छक्कों की मदद से 13 रन, जबकि अभय चौधरी ने 10 गेंद में 20 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: महिला एशिया कप सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगी टीम इंडिया? आ गया नॉकआउट का शेड्यूल

धीर ने 38 गेंद में ठोका शतक

अभिषेक शर्मा की जगह ओपनिंग करने उतरे धीर पहले ओवर में शांत रहे। उन्होंने दूसरे ओवर से अपने तेवर दिखाए और पावरप्ले के अंदर ही 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। धीर ने 12वें ओवर में लवदीप चाठा के खिलाफ 30 रन बटोरे। उन्होंने पहली तीन गेंद पर दो चौके और एक छक्का लगाया। चौथी गेंद नो-बॉल रही, जिस पर उन्होंने दो रन निकाले। इसके बाद धीर ने फ्री-हिट पर छक्का लगाकर 38 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया।

 

एक छोर से लगातार विकेट रहे थे लेकिन धीर ने धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी और 17वें ओवर में 150 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया। हालांकि इसके बाद वह कोई छक्का नहीं लगा पाए, नहीं तो दोहरा शतक के भी करीब जा सकते थे। उनके तूफान पर आयुष गोयल ने विराम लगाया। वह 20वें ओवर की चौथी गेंद पर हर्षदीप सिंह के हाथों लपके गए। 

 

अगर शेर-पंजाब-टी20 लीग के रिकॉर्ड्स को रिकॉर्डबुक में शामिल किया जाता तो यह टी20 इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी होती लेकिन भारत के अलग-अलग राज्यों में हो रही टी20 लीग्स के रिकॉर्ड्स को नहीं गिना जाता है। बता दें कि टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने IPL 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 66 गेंद में 175 रन जड़े थे। 

 

यह भी पढ़ें: भारतीय पैरा तीरंदाजों का धमाल, वर्ल्ड सीरीज में 2 गोल्ड समेत 5 मेडल जीते

अमृतसर सूरमाज ने 67 रन से जीता मैच   

पहाड़ समान टोटल खड़ा करने के बाद अमृतसर सूरमाज ने शुभम राणा की घातक गेंदबाजी की बदौलत मोहाली किंग्स को 212 रन पर रोक 67 रन से जीत दर्ज की। इस जीत से उसकी सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा हैं। शुभम राणा ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। धीर ने बल्ले से धमाल मचाने के बाद गेंद से भी कमाल करते हुए 2 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट झटके। अभिषेक शर्मा को एक सफलता मिली।