भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे खिलाड़ी आए, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से रातोंरात सुर्खियां बटोरीं लेकिन समय के साथ उनकी चमक फीकी पड़ गई। कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे, जिनके टैलेंट पर कभी सवाल नहीं उठे। मगर उन्हें उनकी क्षमता के मुताबिक मौके नहीं मिले। नरेंद्र हिरवानी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जन्मा एक ऐसा लेग स्पिनर, जिसने अपने पहले ही टेस्ट मैच में इतिहास रचा लेकिन उसका इंटरनेशनल करियर उस ऐतिहासिक शुरुआत के आसपास भी नहीं पहुंच सका।

 

आज के जेनरेशन के क्रिकेट फैंस शायद ही नरेंद्र हिरवानी का नाम सुने हों लेकिन 1980 और 1990 के दशक में क्रिकेट देखने वाले लोगों के लिए उनका नाम अनजान नहीं था। सिर पर बैंड, आंखों पर चश्मा और कलाई पर बैंड पहनकर गेंदबाजी करने वाले हिरवानी ने अपने डेब्यू टेस्ट में ही 16 विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया था। 38 साल से यह रिकॉर्ड अटूट है। यानी कोई गेंदबाज उस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया है।

 

यह भी पढ़ें: 1968 का ऐतिहासिक डुनेडिन टेस्ट, जब भारत ने विदेशी जमीन पर जीतना सीखा

डेब्यू टेस्ट में दुनिया को किया हैरान

साल 1988 की शुरुआत में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा था। वेस्टइंडीज की टीम में विवियन रिचर्ड्स, डेसमंड हेंस और रिची रिचर्डसन जैसे दिग्गज बल्लेबाज थे। उस दौर में वेस्टइंडीज की टीम का दुनिया भर में दबदबा था। ऐसे में भारत के लिए उसके खिलाफ मुकाबला आसान नहीं था। इसी मुकाबले में 19 साल के नरेंद्र हिरवानी को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला। उस समय शायद ही किसी ने सोचा था कि यह युवा गेंदबाज कुछ ऐसा कारनामा कर देगा, जिसे भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार प्रदर्शनों में गिना जाएगा।


हिरवानी ने पहली पारी में 61 रन देकर 8 विकेट झटके। इसके बाद दूसरी पारी में भी उनका जादू जारी रहा। उन्होंने 75 रन देकर 8 कैरेबियाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इस तरह उन्होंने पूरे मैच में 136 रन देकर 16 विकेट हासिल किए। उन्होंने टेस्ट डेब्यू पर बेस्ट बॉलिंग फिगर का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बॉब मैसी के नाम था, जिन्होंने 1972 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करते हुए 137 रन देकर 16 विकेट लिए थे।

 

यह भी पढ़ें: जब घायल कपिल देव ने कंगारुओं का किया शिकार, भारत को दिलाई चमत्कारिक जीत

डेब्यू में धमाके के बाद क्यों फीकी पड़ गई चमक?

इतनी शानदार शुरुआत के बाद उम्मीद थी कि हिरवानी भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक मैच विनर साबित होंगे। शुरुआती कुछ मुकाबलों में उन्होंने उम्मीद के मुताबिक, प्रदर्शन भी किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 20 विकेट झटके। शुरुआती 4 टेस्ट में उनके नाम 36 विकेट हो चुके थे लेकिन इसके बाद कहानी बदलने लगी।

 

वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के दौरों पर हिरवानी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। विदेशी परिस्थितियों में बल्लेबाजों ने उनकी गेंदबाजी को बेहतर तरीके से खेलना शुरू कर दिया। उनकी गेंदबाजी में पहले जैसी धार दिखाई नहीं दी। इसी बीच भारतीय क्रिकेट में एक और लेग स्पिनर तेजी से अपनी जगह बना रहा था। वह थे अनिल कुंबले। कुंबले की निरंतरता और प्रदर्शन ने टीम में उनकी जगह मजबूत कर दी। नतीजा यह हुआ कि हिरवानी के लिए प्लेइंग-XI में जगह बनाना मुश्किल होता चला गया।

 

हिरवानी टीम में आते-जाते रहे। उन्हें कुछ मौके मिले लेकिन वह अपनी शुरुआती सफलता को दोहरा नहीं सके। 1996 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला साबित हुआ। दिलचस्प बात यह है कि जिस खिलाड़ी ने अपने पहले टेस्ट में 16 विकेट लिए थे, उसका पूरा टेस्ट करियर महज 17 मैचों में सिमट गया। इन 17 मुकाबलों में उन्होंने 66 विकेट हासिल किए।

 

यह भी पढ़ें: जब हेडिंग्ले में भारत ने तोड़ा अंग्रेजों का घमंड, सचिन-द्रविड़-गागुंली का शतक

घरेलू क्रिकेट में बने दिग्गज

कुंबले के उदय के बाद हिरवानी को घरेलू क्रिकेट तक ही सीमित रहना पड़ा। वह मध्य प्रदेश के लिए लगातार खेलते रहे और घरेलू क्रिकेट के दिग्गज बने। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 167 मैचों में 723 विकेट चटकाए। इनमें से 400 से ज्यादा विकेट मध्य प्रदेश के लिए झटके। 1996-97 सीजन में उन्होंने बंगाल के लिए खेलते हुए 23.13 की औसत से 29 विकेट चटकाए थे। हिरवानी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 54 बार 5 विकेट हॉल लिया। 2006 में उन्होंने संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद 2008 में वह नेशनल सेलेक्शन किमटी पैनल में शामिल किए गए थे।

 

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड में भारत की पहली टेस्ट जीत की कहानी, जब स्टेडियम में हथिनी ले आए फैंस

कोच बन नए खिलाड़ियों को तरासा

हिरवानी 2013-14 तक सेलेक्शन कमिटी का हिस्सा रहे। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों को तरासने का जिम्मा उठाया। दिसंबर 2015 में BCCI ने उन्हें नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में स्पिन बॉलिंग कोच बनाया था। यहां उनकी जिम्मेदारी युवा स्पिनर्स को तैयार करना और उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए बेहतर बनाना था। वह भारतीय महिला टीम और इंडिया-ए के कोचिंग सेटअप से भी जुड़े। जून 2024 में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने अपने 'विजन 2028' प्रोजेक्ट के लिए हिरवानी को स्पिन बॉलिंग की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस प्रोजेक्ट के तहत उन्हें अंडर-16 और अंडर-19 खिलाड़ियों के साथ काम करना था। उनके साथ मनोज तिवारी और वेंकटेश प्रसाद भी जुड़े थे।