भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा का 2026 का सीजन चोट की वजह से समय से पहले खत्म हो गया है। ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट फट गया। इसके बाद नीरज ने इस सीजन के बाकी मुकाबलों से हटने का फैसला किया है। चोट की वजह से वह आगामी एशियन गेम्स 2026 में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। नीरज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी और इस दौरान उनका दर्द भी साफ नजर आया।
टखने की चोट के कारण नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल और पहली बार होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में भी नहीं खेल पाएंगे। वह दोनों प्रतियोगिताओं के लिए क्वालिफाई कर चुके थे। ऐसे में चोट ने उनके 2026 के पूरे अंतरराष्ट्रीय अभियान पर ब्रेक लगा दिया है।
यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर से भिड़ा था ग्राउंड्समैन ली फोर्टिस, अब उसे छुट्टी पर क्यों भेजा?
नीरज चोपड़ा ने क्या कहा?
नीरज चोपड़ा ने कहा, 'काफी समय तक कड़ी मेहनत करने के बाद मुझे आखिरकार लगने लगा था कि मैं उस लय में लौट रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी। लॉजेन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के बाद मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ा था। दुर्भाग्य से, इसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने में लिगामेंट फट गया। डॉक्टर और अपनी टीम से बातचीत के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सीजन के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं लूंगा।'
नीरज ने आगे कहा, 'यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी सही लय के करीब पहुंच गया हूं लेकिन जैसा कहा जाता है उतार-चढ़ाव सफर का हिस्सा होते हैं। अब मेरा पूरा ध्यान अच्छी तरह से ठीक होने और पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी करने पर है।'
यह भी पढ़ें: 'खत्म करने की कोशिश', इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू किया तो PCB ने कर दी शिकायत
नीरज ने हाल ही में जीते कई सिल्वर मेडल
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर भाला फेंककर सिल्वर मेडल जीता था। उन्होंने दोहा और लॉजेन डायमंड लीग में दूसरा स्थान हासिल किया था। जून में दोहा और अगस्त में लॉजेन में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता। लॉजेन में नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो किया था, जो इस सीजन में उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। इस प्रदर्शन के बाद उनसे आगे भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन चोट ने उनके सीजन पर बीच में ही ब्रेक लगा दिया।
