पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लंबे समय से जेल में हैं। उनके परिवार के लोग बार-बार आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें जेल में ही मारने की कोशिश हो रही है। अब ऐसी ही बात उनके दो बेटों ने एक इंटरव्यू में कही हैं। यह इंटरव्यू एक मैच के दौरान हुए ब्रेक में दिखाया गया। इसमें इमरान खान के बेटों ने कहा कि उनके पिता को जेल में ही मार डालने की कोशिश हो रही है। अब इस मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को बुरा लग गया है। PCB ने यह इंटरव्यू दिखाने वाले चैनल Sky Sports से इसकी शिकायत की है। Cricinfo के मुताबिक, PCB ने यह भी कह दिया कि अगर इस इंटरव्यू को फिर दिखाया गया तो पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी मैदान में ही नहीं उतरेंगे।
यह इंटरव्यू बुधवार को ही शूट किया जा चुका था। माइक एथर्टन ने यह इंटरव्यू लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के राइटर्स रूम में लिया। उसके बाद Sky ने इसका टीजर दिखाना शुरू कर दिया। हालांकि, पाकिस्तान में इस सीरीज को दिखा रही PTV ने यह इंटरव्यू नहीं दिखाया।
भड़क गया पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड
बता दें कि Sky Sports के लिए यह इंटरव्यू इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और प्रजेंटर माइक एथर्टन ने लिया। इसमें इरान खान के दो बेटे सुलेमान और कासिम खान शामिल हुए। दोनों ने अपने पिता की खराब होती सेहत पर चिंता जताई और कहा कि उन्हें जेल में ही खत्म करने की साजिश हो रही है। यह इंटरव्यू पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में हुए ब्रेक के दौरान गुरुवार को दिखाया गया था।
यह भी पढ़ें: 'मेरे साथ क्रूरता हो रही, मोहम्मद मुर्सी की तरह मार डालेंगे', बहन से बोले इमरान
रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने गुरुवार को लंच ब्रेक से पहले Sky Sports से संपर्क किया और अपना विरोध दर्ज कराया। इसके चलते यह इंटरव्यू थोड़ी देरी से दिखाया और आखिर में 18 मिनट की क्लिप दिखाई गई। जब तक यह इंटरव्यू खत्म हुआ तब तक पाकिस्तान के खिलाड़ी दूसरे सेशन का खेल खेलने के लिए तैयार हो रहे थे।
क्या बोले इमरान खान के बेटे?
इसी इंटरव्यू में कासिम खान ने कहा कि उनके पिता इमरान की आंखों की 80 प्रतिशत रोशनी चली गई है और वह आंखों पर पैच पहन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इमरान को दिन में 23 घंटे एक छोटी सी सेल में अखेले रखा जाता है और गर्मी में उस कमरे में एसी तक नहीं होता है।
इमरान के बेटे कासिम खान ने आगे कहा, 'हमारे लिए अभी यह बेहद जरूरी है कि उनका सही से इलाज हो सके। उनकी आंखों पर पैच है और वह बहुत तनाव में दिखते हैं। हमारे लिए यह मुश्किल है क्योंकि हमने उन्हें हमेशा शांत देखा है। यहां तक कि जब वह गन प्वाइंट पर थे तब भी शांत थे। एक बार हम जिस कार में थे उसे लूट लिया गया। लुटेरों ने बंदूक तान दी लेकिन वह तब भी शांत रहे।'
यह भी पढ़ें: जेल में बंद इमरान खान हो सकते हैं अंधे! चली गई 85% आंखों की रोशनी?
इमरान खान के बेटों ने उन्होंने अपने पिता को देखने जाने की कोशिश की लेकिन उन्हें पाकिस्तान का वीजा ही नहीं दिया जा रहा है। इन दोनों ने कहा कि उन्हें भी गिरफ्तारी का डर है लेकिन वे फिर भी अपने पिता के लिए पाकिस्तान जाना
चाहते हैं।