अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना ने दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर फॉलोऑन खेल रहे ओडिशा को 143 रन पर समेट केरल को पारी और 36 रन से जीत दिला दी। इस जीत से केरल एलीट ग्रुप-सी के पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। बंगाल लगातार दूसरी जीत के साथ टॉप पर है और उसके खाते में 12 पॉइंट्स हैं। बंगाल ने दूसरे राउंड में सर्विसेज के खिलाफ 60 रन से जीत दर्ज की थी।
पहले राउंड के बाद टॉप पर काबिज गुजरात पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर खिसक गया है। केरल और गुजरात दोनों के 8-8 पॉइंट्स हैं। महाराष्ट्र चौथे पायदान पर है। उसने अपने घरेलू मैदान पर झारखंड के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन पॉइंट्स हासिल किए।
यह भी पढ़ें: Asian Para Games: तीसरे दिन एथलेटिक्स में आए 22 मेडल, मेडल टैली में कहां पहुंचे?
गुजरात के खिलाफ ड्रॉ से दिल्ली को मिले 3 पॉइंट्स
पालम बी मैदान पर मेजबान दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ कराया और तीन पॉइंट्स हासिल किए। दिल्ली ने आयुष बदोनी के 217 और प्रियांश आर्य के 199 रन की मदद से पहली पारी छह विकेट पर 648 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में गुजरात की टीम 479 रन पर ऑल आउट हो गई। फॉलोऑन के लिए मजबूर किए जाने के बाद गुजरात ने अपनी दूसरी पारी में 8 ओवर में 1 विकेट पर 15 रन बनाए।
मुकाबले के आखिर दिन पहली पारी में 5 विकेट पर 363 रन से आगे खेलने उतरी गुजरात की टीम ने 116 रन और जोड़कर बाकी बचे 5 विकेट गंवा दिए। मनन हिंगराजिया ने 303 गेंद में 123 रन बनाए। कप्तान चिंतन गाजा ने 82 रन की पारी खेली लेकिन गुजरात को पहली पारी में पिछड़ने से नहीं बचा सके। दिल्ली के लिए ऋतिक शौकीन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 143 रन देकर 5 विकेट लिए,जबकि सुमित माथुर ने 2 विकेट हासिल किए। 8 टीम की पॉइंट्स टेबल में दिल्ली छठे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: क्या है कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप, भारत के अलावा और कौन-कौन से देश खेलेंगे?
महाराष्ट्र-झारखंड ने भी खेला ड्रॉ
पुणे में महाराष्ट्र ने झारखंड के खिलाफ ड्रॉ मैच से पहली पारी की बढ़त के आधार पर 3 पॉइंट्स हासिल किए। झारखंड के 169 रन के जवाब में महाराष्ट्र ने 5 विकेट पर 527 रन बनाकर अपनी पहली पारी घाषित की थी। पहली पारी में 358 रन से पिछड़ने के बाद झारखंड ने दूसरी पारी में शिखर मोहन (127) के शतक और उत्कर्ष सिंह (58) और आदित्य सिंह (51) के अर्धशतकों से 8 विकेट पर 344 रन बनाए थे। इसके बाद मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया।
